ईवीएम पर फिर सियासी घमासान
एलन मस्क बोले; हैक हो सकती है ईवीएम, राहुल-अखिलेश भी आए साथ
पूर्व केंद्रीय मंत्री विफरे, कहा, भारत पर लागू नहीं होती मस्क की राय
शिंदे गुट के सांसद के रिश्तेदार की गिरफ्तारी से आरोपों को मिली हवा
संवाददाता संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे ,
इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को लेकर एक बार फिर से विवाद खड़ा हो गया है। मुंबई पुलिस द्वारा शिवसेना शिंदे गुट के सांसद रविंद्र वायकर के रिश्तेदार के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद एक बार फिर ईवीएम की विश्वसनीयता सवालों के घेरे में आ गई है। इस पर विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग और सरकार पर निशाना साधा है। साथ ही ईवीएम के मुद्दे पर टेस्ला के मालिक एलन मस्क और पूर्व केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्री राजीव चंद्रशेखर आमने-सामने आ गए हैं। इस मुद्दे को बढ़ता देख भारतीय चुनाव आयोग ने मुंबई मामले को लेकर शाम साढ़े चार बजे प्रेस कान्फ्रेंस कर सफाई दी। दरअसल, ईवीएम पर एलन मस्क के एक बयान ने नए विवाद को जन्म दे दिया है। दिग्गज कंपनी टेस्ला और सोशल मीडिया साइट एक्स (पहले ट्विटर) के सीईओ एलन मस्क ने एक पोस्ट में लिखा कि हमें ईवीएम को चुनावी प्रक्रिया से हटा देना चाहिए, क्योंकि इसे इनसानों और एआई के जरिए हैक किए जाने संभावना कम होने के बावजूद कुछ हद तक है। एलन मस्क के दावे पर भारत के पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि भारत में बनाए जाने वाले ईवीएम खास पद्धति से डिजाइन किए गए हैं।
जिसे किसी भी तरीके से कनेक्ट नहीं किया जा सकता है, न ही ब्लूटूथ, वाईफाई, और न ही इंटरनेट से। इसके साथ ही राजीव चंद्रशेखर ने सुरक्षित इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को ठीक से डिजाइन करने और बनाने के तरीके पर एक ट्यूटोरियल देने की भी पेशकश की है।
