Himachal PradeshPolitics

जेपी नड्डा के ‘घर’ से बजेगा बगावत का बिगुल

Spread the love

प्रदेश भर में 24 से अधिक नेता भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी में

संवाददाता संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे ,
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के आरएसएस के खिलाफ बयान के बाद उनके अपने ही प्रदेश के करीब दो दर्जन से अधिक नेता बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर रहे हैं। कृपाल परमार सहित अन्य कुछ नेता इस टीम की कमान संभाल कर सबको एक मंच पर लाने की योजना कर रहे हैं। इसमें कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, हमीरपुर सहित अन्य जिलों के कई पूर्व विधायक या पार्टी के बड़े पदाधिकारी शामिल हैं। इन सबके निशाने पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के अलावा अन्य कुछ नेता हैं। इन नेताओं के गलत निर्णय ने छह नेताओं का राजनीतिक जीवन लटका दिया। इतना ही नहीं, अब तीन और नेताओं की स्थिति खराब की जा रही है। बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यसमिति में संगठन के मामले में हिमाचल का उदाहरण पूरे देश में दिए जाते थे, लेकिन भाजपा में नड्डा दौर आने के बाद बड़े पदों पर छोटे लोगों को बिठाकर कार्यकर्ता की जगह कलेक्शनकर्ता बिठा दिए हैं, जिससे कार्यकर्ता निराश हैं।
राजनीति करेंगे और खुलकर करेंगे
कृपाल परमार कहते हैं कि वह राजनीति करेंगे और खुलकर करेंगे। बेइनसाफी को झुक कर नहीं सहा जाएगा। लोकसभा का चुनाव प्रधानमंत्री मोदी का चुनाव था, इसलिए चुप थे, लेकिन अब चुप नहीं रहेंगे। उन्होंने कहा कि षड्यंत्र का शिकार होने वाले नेता अब चुप नहीं बैठेंगे, क्योंकि पार्टी में संवादहीनता आ गई है, ऐसे में कार्यकर्ता क्या करेंगे। आने वाले समय में हिमाचल में बहुत बड़ा राजीनीतिक तूफान खड़ा होने वाला है। पार्टी के भीतर माहौल ठीक नहीं है। पिछले 40 वर्षों में ऐसी दुर्दशा नहीं देखी गई है।