चंबा: असुविधा पर सैलानी हेल्पनंबर पर करें शिकायत
संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,
*चंबा। जिले में पर्यटन सीजन पीक पर है। रोजाना जिले में हजारों की संख्या में पर्यटकों का आगमन हो रहा है। पर्यटकों की सुविधा और सहायता के लिए पर्यटन विभाग व प्रशासन ने कई अहम कदम उठाए हैं। पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा, परेशानी या किसी भी पर्यटन इकाई जैसे होटल, रेस्तरां, होमस्टे, जलक्रीड़ा केंद्र, साहसिक गतिविधियों में कोई धोखाधड़ी, अनियमितता या अभद्र व्यवहार का सामना करना पड़ता है तो वे इसकी शिकायत पर्यटन विभाग चंबा, पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन को कर सकते हैं। इसके लिए बाकायदा हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
गौरतलब है कि जिले के मुख्य पर्यटन स्थलों डलहौजी, खज्जियार समेत चंबा के अतिरिक्त कई अनछुए पर्यटक स्थलों जैसे बैरागढ़, तीसा, साचपास, पांगी, सूलणी, भांदल, भरमौर, कुगति और जोत आदि जगहों की ओर भी काफी तादाद में पर्यटक आ रहे है। विभाग और प्रशासन की ओर से पर्यटकों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। पर्यटकों की सहूलियत के लिए अब जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा ने बताया कि जिले में पर्यटन सीजन पीक पर है। पर्यटकों को किसी असुविधा या परेशानी हो तो इसकी शिकायत पर्यटन विभाग चंबा, पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन को कर सकते हैं। उन्होंने पर्यटकों से भी आग्रह किया है कि वे सभी व्यवस्थाओं को बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
शिकायत के लिए यहां किया जा सकता है संपर्क
जिला पर्यटन विकास कार्यालय चंबाः-01899-224002, पर्यटक सूचना केंद्र-01899-242225, पुलिस सहायता-100, अग्निशमन-101,यातायात पुलिस-103, आपदा प्रबंधन- स्वास्थ्य 108, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1100 जारी किए गए हैं।
