नीट धांधली के आरोपी सीबीआई रिमांड पर
पूछताछ में नीट पेपर लीक से जुड़े सारे राज खोलेंगे चिंटू और मुकेश
संवाददाता संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे ,
नीट पेपर लीक मामले में बुधवार को सीबीआई की स्पेशल कोर्ट में सुनवाई की। कोर्ट ने पेपर लीक के आरोपी चिंटू कुमार और मुकेश कुमार को तीन दिन की सीबीआई रिमांड पर भेजा है। गिरफ्तार चिंटू कुमार ने पूछताछ के दौरान बिहार पुलिस की इकोनॉमिक ऑफेंस यूनिट (ईओयू) के सामने कई अहम खुलासे किए हैं। उसने नीट सेटिंग में शामिल कुछ लोगों के नाम उगले हैं। अब सीबीआई इनसें आगे की पूछताछ रिमांड पर लेकर करेगी। उधर, नीट-यूजी पेपर लीक घोटाला मामले के तीसरे आरोपी संजय जाधव को महाराष्ट्र के लातूर से पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कहा कि जाधव से पूछताछ में इस घोटाले में शिक्षा क्षेत्र के कई लोग, छात्र और अभिभावकों के भी शामिल होने का पता चला है।
उन्होंने बताया कि एक निजी स्कूल में विज्ञान का शिक्षक जाधव ने दिल्ली के मास्टरमाइंड गंगाधर मुंडे और महाराष्ट्र के दो आरोपियों- हैडमास्टर पठान और इरन्ना कोंगलवार के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाई है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस कोङ्क्षचग क्लास मेरिट धारकों पर भी ध्यान केंद्रित कर रही है, जिन्होंने प्रवेश परीक्षा में बेहतरीन अंक प्राप्त किए हैं। इसके अलावा, गिरफ्तार आरोपियों की फोन बुक की भी जांच की जा रही है, ताकि कोचिंग क्लास के शिक्षकों और अन्य लोगों के साथ उनके संबंधों का पता लगाया जा सके। वहीं सीबीआई अब चिंटू और मुकेश से पूछताछ करेगी। इन दोनों से जानकारी प्राप्त करेगी कि कुल कितने बच्चों को प्रश्न पत्र और उत्तर रटवाया गया था।
