अमरीका में भारतीय दंपति को जेल
रिश्तेदार को स्कूल में दाखिला दिलाने का लालच देकर काम के लिए किया मजबूर
संवाददाता संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे ,
अमरीका की एक अदालत ने एक भारतीय-अमरीकी दंपत्ति को अपने रिश्तेदार को स्कूल में दाखिला दिलाने का लालच देकर अमरीका लाने और उसे तीन साल से अधिक समय तक अपने गैस स्टेशन और डिपार्टमेंटल स्टोर पर काम करने के लिए मजबूर करने के आरोप में जेल की सजा सुनाई है। हरमनप्रीत सिंह (31) को अदालत ने 135 महीने (11.25 साल) और कुलबीर कौर (43) को 87 महीने (7.25 साल) की जेल की सजा सुनाई है। साथ ही अपने चचेरे भाई एवं पीडि़त को लगभग 1.87 करोड़ रुपए का मुआवजा देने के लिए भी कहा गया है। दंपत्ति का अब तलाक हो चुका है। न्याय विभाग के नागरिक अधिकार प्रभाग की सहायक अटॉर्नी जनरल क्रिस्टन क्लार्क ने कहा कि आरोपियों ने पीडि़त के साथ अपने संबंधों का फायदा उठाकर उसे अमरीका में लाने के लिए झूठे वादे किए कि वे उसे स्कूल में दाखिला दिलाने में मदद करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रतिवादियों ने पीडि़त के आव्रजन दस्तावेज जब्त कर लिए तथा न्यूनतम वेतन पर लंबे समय तक काम करने के लिए मजबूर करने के लिए उसे धमकियां दीं, शारीरिक बल का प्रयोग किया तथा मानसिक रूप से प्रताडि़त किया। उन्होंने कहा कि इस सजा से यह कड़ा संदेश जाना चाहिए कि हमारे समुदायों में इस तरह के जबरन श्रम को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। न्याय विभाग ने कहा कि मुकदमे में पेश किए गए सबूतों से पता चला है कि 2018 में प्रतिवादियों ने उस समय नाबालिग रहे पीडि़त को स्कूल में दाखिला दिलाने में मदद करने का झूठा वादा करके भारत से अमरीका आने का लालच दिया।
प्रॉपर्टी खाली करने को लेकर भारतीय को जड़ा घूंसा, मौत
अमरीका की ओक्लाहोमा सिटी में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर भारतीय-अमरीकी मोटल मैनेजर की हत्या कर दी गई है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक भारतीय अमरीकी मोटल मैनेजर का नाम हेमंत मिस्त्री (59) है। हेमंत मिस्त्री की किसी बात को लेकर आरोपी से कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद आरोपी ने उनके मुंह पर एक मुक्का मारा और उनकी मौत हो गई। दरअसल यह पूरा मामला संपत्ति को लेकर है। गुजरात के रहने वाले मिस्त्री को आरोपी 41 वर्षीय रिचर्ड लुईस ने मुक्का मारा। लुईस ने उसे संपत्ति छोडऩे के लिए कहा था। पुलिस ने बताया कि मुक्का मारे जाने के बाद मिस्त्री बेहोश हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
