10 करोड़ के भवन के हाल… दरवाजे पर ताला, छत टपक रही, लिफ्ट भी बदहाल
संवाददाता संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,
मकलोडगंज में शुरू होने से पहले खंडहर बनने लगा करोड़ों का भागसू कल्चर सेंटर, चार साल से लटका ताला, अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की मेज़बानी के लिए बनाए केंद्र का कोई नहीं ले रहा खैर-खबर
अंतरराष्ट्रीय पर्यटक नगरी धर्मशाला-मकलोडगंज में 10 करोड़ से भी अधिक बजट से निर्मित भागसू कल्चर सेंटर शुरू होने से पहले ही खंडहर बनने की कगार पर पहुंच गया है। पर्यटन नगरी धर्मशाला-मकलोडगंज अंतरराष्ट्रीय आयोजनों को मुख्य डेस्टिनेशन बनकर विश्व भर में उभर रहा है, लेकिन एडीबी की ओर से करोड़ों रुपए से बनाए गए कल्चर सेंटर को सिस्टम की पंगू व्यवस्था ने शुरू होने से पहले ही खंडहर बनाने की राह में डाल दिया है।
कल्चरल सेंटर भवन की हालत यह है कि छत से पानी टपक रहा है, छत की सौंदर्यीकरण के तहत बनाई गई छत ही टूट गई है, लिफ्ट में जंग, मुख्य द्वार के हैंडल टूटने सहित लकड़ी भी गलने-सडऩे लगी है। बावजूद इसके सरकार, प्रशासन, पर्यटन विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधि उसकी सुध तक लेने को तैयार नहीं है। भागसू कल्चर सेंटर के नाम पर एशियन डिवेलपमेंट बैंक से लिए गए लोन का मिसयूज होने से विभागीय और अधिकारियों की लापरवाही उजागर हो रही है। इस सेंटर का निर्माण इसलिए किया गया था कि मकलोडगंज में अंतरराष्ट्रीय कान्फ्रेंस और अन्य कार्यक्रम आयोजित कर पर्यटकों का मनोरंजन हो सके, लेकिन ये उद्देश्य फाइलों में ही सिमट कर रह गए हैं
गेट बंद; इमारत में न बिजली, न पानी का कनेक्शन
भागसू कल्चर सेंटर में इतनी बड़ी राशि का खर्च करने के बाद न ही इस बिल्डिंग में बिजली का कनेक्शन है, और न ही पानी का। बारिश के दिनों में भागसू कल्चर सेंटर की छत टूटने से सभागार में पानी टपकता है। इसके साथ अब तो पेंट भी उखडऩे लगे हंै।
