डलहौज़ी में आवारा कुत्तों का आतंक
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
चंबा के बाद अब पर्यटन नगरी डल्हौजी में भी आवारा कुत्तों द्वारा एक व्यक्ति को बुरी तरह काटने से यहां भी लोगों में दहशत का माहौल बन गया है ताजा घटना के अनुसार पर्यटन नगरी डल्हौजी में सुबह के समय मॉर्निंग वॉक पर जा रहे एक व्यक्ति पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। घटना में व्यक्ति को चार जगह से काट लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह के समय डल्हौजी के माल रोड गर्म सड़क पर हुई। जिसमें सदर बाजार निवासी अश्विनी ठाकुर सुबह की सैर पर निकले थे जबकि रास्ते में माल रोड गरम सड़क पर अचानक चार आवारा कुत्तों ने उन पर हमला बोल दिया और उन्हें कई जगहों पर काटकर बुरी तरह से घायल कर दिया ।अश्विनी ठाकुर कड़े प्रयासों के बाद बड़ी मुश्किल से कुत्तों के चुंगल से छूटे और जैसे तैसे घायल अवस्था में तत्काल सिविल अस्पताल डल्हौजी पहुंच गए जहां पर चिकित्सकों ने उनका इलाज करते हुए उन्हें एंटी रेबीज टीके लगाने के साथ-साथ कुत्तों द्वारा दिए गए जख्मों का भी इलाज कर उन्हें घर भेज दिया।
आवारा कुत्तों के हमले की घटना ने डल्हौजी के निवासियों में दहशत पैदा कर दी है। लोगों ने प्रशासन से इन आवारा कुत्तों और बंदरों से स्थानीय लोगों व पर्यटकों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। इस बारे में एसडीएम अनिल भारद्वाज ने बताया कि उन्होंने नगर परिषद एवं वेटरिनरी विभाग को शीघ्र ही इन आवारा कुत्तों के कारण लोगों को पेश आ रही समस्याओं को हल करने के निर्देश दे दिए हैं।
