13 जुलाई को देहरा के भाग्य का सूर्योदय होगा
सुक्खू बोले, कांग्रेस की जीत के बाद मुख्यमंत्री का विधानसभा क्षेत्र बन जाएगा देहरा
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह ने कहा कि 13 जुलाई को देहरा के भाग्य का सूर्य उदय हो जाएगा। उन्होंने कहा कि 13 जुलाई के बाद देहरा मुख्यमंत्री का चुनाव क्षेत्र कहलाएगा और लोगों को पहली बार एहसास होगा कि मुख्यमंत्री का विधानसभा क्षेत्र कैसा होता है और विकास के आयाम कैसे प्रस्तुत किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि ‘देहरा, कोई नहीं तेरा’ के अभिशाप को सदा के लिए समाप्त कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा ने धनबल के अहंकार में जनता की ताकत को कुछ नहीं समझते। पहले उन्होंने पुरानी पेंशन प्राप्त करने के लिए सरकारी कर्मचारियों को चुनाव लडऩे की चुनौती थी और फिर विधानसभा में कहा कि इस सरकार को भगवान भी नहीं बचा सकता। उन्होंने कहा कि सरकार गिराने की साजिश में कांग्रेस पार्टी के छह बागी विधायकों और तीन निर्दलीय विधायकों ने भाजपा का साथ दिया, लेकिन जनता ने धनबल की राजनीति को नकार कर कांग्रेस विधायकों की संख्या 34 से बढ़ाकर 38 कर दिया। मुख्यमंत्री रविवार को देहरा विधानसभा क्षेत्र के खैरियां, बौंगता, बाड़ी, शिवनाथ, ध्वाला, ठाकुरद्वारा, मूहल, राजोल और देहरा में कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश ठाकुर के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे थे। उन्होंने कहा देहरा में होशियार सिंह सिर्फ वोट की राजनीति करने में व्यस्त रहे और क्षेत्र के विकास को अनदेखा किया।
उनकी प्राथमिकता अपने रिजॉर्ट को काम पूरा करना है और विकास से उनका कोई लेना-देना नहीं है। छह महीने पहले जब वे हरिपुर आए थे, तो निर्दलीय विधायक की हर मांग को पूरा किया, लेकिन काम न होने का आरोप लगाकर उन्होंने भाजपा की साजि़श में शामिल होकर अपनी विधायकी बेच डाली। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस सरकार से निर्दलीय विधायक को दिक्कत थी, तो भाजपा के साथ बैठ जाते। उपचुनाव का बोझ जनता पर क्यों डाला। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि होशियार सिंह ने देहरा की जनता से बिना पूछे इस्तीफा दिया और अब दोबारा साढ़े तीन साल के लिए विधायक बनने को वोट मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी और देहरा की समस्याओं का समाधान भी करेगी। होशियार सिंह की बुद्धि भ्रष्ट होने से देहरा की तक़दीर बदल गई है। इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक संजय रतन, अजय सोलंकी, प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष डा. राजेश शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस बार उपचुनाव में विकास करवाने वालों को चुनेगी जनता
सीएम सुक्खू ने कहा कि इतिहास में पहली बार निर्दलीय विधायक अपना इस्तीफा स्वीकार कराने के लिए धरने पर बैठे और कोर्ट गए। इसकी असली वजह भाजपा से डील की रुकी हुई दूसरी किस्त थी। इस्तीफा स्वीकार होने के बाद अब होशियार सिंह समेत तीनों निर्दलीय विधायकों को अटैची मिल चुके हैं। होशियार सिंह ने देहरा विधानसभा क्षेत्र के सम्मान को भाजपा के पास गिरवी रखा और अब देहरा की जनता इस अपमान का बदला लेने को तैयार है। उन्होंने कहा कि देहरा से भाजपा प्रत्याशी होशियार सिंह अब उस धन से जनता को वोट खऱीदने का प्रयास करेंगे, लेकिन जनता विकास को चुनेगी और कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश ठाकुर को भारी मतों से विजयी बनाएगी।
देहरा की तस्वीर बदल जाएगी
सीएम ने कहा कि एक साल के भीतर देहरा की तस्वीर कांग्रेस सरकार बदल देगी। पौंग बांध विस्थापितों की मदद के लिए अगर क़ानून भी बदलना पड़ा, तो क़ानून भी बदल देंगे। देहरा में पुलिस अधीक्षक कार्यालय तथा एसई (लोक निर्माण विभाग) का कार्यालय भी खोला जाएगा] जिसकी अधिसूचना चुनाव के बाद जारी की जाएगी। सीएम सुक्खू ने कहा कि सत्ता में आने के बाद से ही कांग्रेस सरकार ने राज्य के संसाधनों की लूट को बंद करने के लिए प्रयास किए और एक वर्ष में ही 2200 करोड़ रुपए का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के अंतर्गत प्रदेश में 18 वर्ष से अधिक आयु की पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए पेंशन प्रदान कर रही है और इस योजना के तहत अब तक तीन किश्तों के 4500 रुपए वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार डा. वाईएस परमार विद्यार्थी ऋण योजना के अंतर्गत गरीब विद्यार्थियों को एक प्रतिशत ब्याज की दर पर 20 लाख रुपए का कजऱ् उच्च शिक्षा के लिए उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त अनाथ बच्चों के लिए मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना आरंभ की है और चिल्ड्रन ऑफ दि स्टेट के रूप में उन्हें अपनाया है। गाय का दूध 45 रुपए और भैंस का दूध 55 रुपए प्रति लीटर की दर से खऱीदा जा रहा है और प्राकृतिक खेती से पैदा होने वाले गेहूं को 40 रुपए तथा मक्की को 30 रुपए प्रति किलो की दर से खऱीदा जाएगा।
कांग्रेस ने पहली बार निचले क्षेत्र से बनाया सीएम
सीएम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 75 साल में पहली बार निचले क्षेत्र का मुख्यमंत्री बनाया है और निचले क्षेत्र के विकास तरक्की और खुशहाली के लिए कोई कमी नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने सत्ता में आते ही गरीब लोगों के बारे में सोचा है। प्रदेश के अनाथ बच्चों के बारे में सोचा है, महिलाओं बुजुर्गों और युवाओं के हित के बारे में फैसले लिए हैं और बजट में इन सब के लिए प्रावधान किया है। सरकार ने कर्मचारियों के हितों की रक्षा की है। भाजपा ने लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को छलपूर्वक गिराने का प्रयास किया है, जिसके लिए जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। सीएम ने कहा कि इस्तीफा क्यों किदया, इसका जवाब जनता को उनसे जरूर पूछना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश ठाकुर को भारी मतों से विजय बनाएं और क्षेत्र के विकास, खुशहाली, रोजगार के अवसर के लिए कांग्रेस को मजबूत बनाएं।
जयराम सरकार बनाने के सपने न देखें
डिप्टी सीएम बोले, भाजपा ने प्रदेश में बनाया अस्थिरता का माहौल
उपमुख्यमंत्री मुकेश अगिनहोत्री ने कहा कि भाजपा ने पिछले छह महीनों से हिमाचल में राजनीतिक अस्थिरता का माहौल बनाया हुआ है और कांग्रेस सरकार को गिराने का प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस सरकार ने व प्रदेश की जनता ने उपचुनावों में भाजपा की इस साजिश का मुंहतोड़ जबाब दिया । उन्होंने कहा कि तीन उपचुनावों में भी जनता कांग्रेस की जीत के साथ भाजपा को करारा सबक सिखा देगी। उपमुख्यमंत्री ने उक्त शब्द रविवार को नालागढ़ विस क्षेत्र के रामशहर में देर शाम कांग्रेस प्रत्याशी हरदीप बावा के सर्मथन में जनसभा को संबोधित करते हुए कहे। मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि दस जुलाई को होने वाले विस उपचुनाव के बाद एक बार फि र से कांग्रेस के विधायकों की सं या बढक़र 41 हो जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने जबरदस्ती जनता पर उप चुनाव का बोझ डाला है। भाजपा जितनी मर्जी ताकत लगा ले, कांग्रेस भारी बहुमत से तीनों सीट जीतेगी। नेता विपक्ष को समझ लेना चाहिए कि सरकार नहीं गिरने वाली अब समय माफी मांगने का है, जयराम ठाकुर सरकार बनाने के सपने देखने के बजाय जनता से अपने कृत्य के लिए माफी मांगें। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा लगाई गई विधायकों की मंडी मेें भाजपा प्रत्याशी केएल ठाकुर ने भी अपना ईमान बेचा है, आज भाजपा प्रत्याशी जहां भी चुनाव प्रचार के लिये जा रहे है जनता कह रही है कि बिका हुआ माल वापस नहीं होगा।
