जनता ने वोट की चोट से तोड़ा भाजपा का अहंकार
नालागढ़ में बीजेपी पर जमकर बरसे कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने कहा कि लोकसभा चुनाव में 400 पार का नारा देने वाली भाजपा के अहंकार को जनता ने तोड़ दिया है। जनता ने भाजपा की नफरत की राजनीति को नकार दिया है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय कांग्रेस पार्टी का है और कांगे्रस के नेताओं का है। उन्होंने दावा किया की हिमाचल में कांग्रेस तीनों उपचुनावों में जीत दर्ज करेगी। नालागढ़ के पंजैहरा में कांग्रेस प्रत्याशी हरदीप बावा की जनसभा को संबोधित करते हुए सचिन पायलट ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में अहंकार, घमंड और तानाशाही रवैया, सरकार की ताकत का दुरपयोग करने वाली भाजपा को जनता ने मुंह तोड़ जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि हिंदु मुस्लिम को लेकर लोगों को भ्रमित करने वाली पार्टी को इस बार पूर्ण बहुमत नहीं मिला है। खंडित लोकसभा बनी है। जनता ने भाजपा को दिखा दिया है कि आने वाला समय कांग्रेस का है।
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जगह जाकर लोगों से मिल रहे हंै। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पिछले 140 सालों से देश को अपने खून पसीने से सींचा है। उन्होंने कहा कि 14 महीने पहले जनता ने यहां पर केएल ठाकुर को विधायक बना कर भेजा था, लेकिन वह काम करने में नाकाम रहे और जनता अब उन्हें बार-बार मौका नहीं देगी। उन्होंने कांग्रेस के साथ तो गद्दारी की है, साथ ही यहां की जनता को भी ठगा है। अब जनता इन निर्दलीय पूर्व विधायकों को हराएगी ही नहीं, बल्कि नकार देगी।
