हिमाचल के लिए भाई है पंजाब के टैक्सी आपरेटर
विवाद पर पानी डालने के लिए आगे आई प्रदेश टैक्सी यूनियन; कहा, कोई विवाद नहीं
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,
हिमाचल प्रदेश और पंजाब के टैक्सी आपरेटरों में चल रहे विवाद को शांत करने के लिए हिमाचल के टैक्सी आपरेटर आगे आए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों से बेवजह का विवाद चला हुआ है, जिससे दोनों राज्यों के आपरेटरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में दोनों राज्यों की छवि भी खराब हो रही है। अब विवाद दूर करने के लिए हिमाचल के टैक्सी आपरेटरों का कहना है कि पंजाब के टैक्सी आपरेटर हमारे भाई है, और हम सभी भाई मिलकर काम करेंगे। साथ ही एक-दूसरे की मदद हमेशा करते हैं और आगे भी करते रहेंगे। यह संदेश हिमाचल प्रदेश के टैक्सी ऑपरेटरों ने पंजाब के साथियों को दिया है। चंडीगढ़ में वहां की टैक्सी यूनियन ने बैठक कर कुछ निर्णय लिए जिसमें कहा गया कि हिमाचल की टैक्सियों को चंडीगढ़ में काम नहीं करने दिया जाएगा। ऐसे में हिमाचल के टैक्सी ऑपरेटर आगे आए हैं और उन्होंने कहा है कि पंजाब के साथियों के साथ उनका कोई विवाद नहीं है।
ऑल हिमाचल टैक्सी ऑपरेटर यूनियन की ज्वाइंट एक्शन कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि कुछ लोग भ्रामकता फैलाने का काम कर रहे हैं, जबकि किसी भी तरह का विवाद नहीं है। उनके वाहन भी चंडीगढ़ या पंजाब के अन्य क्षेत्रों में जा रहे हैं, जिनको कोई नहीं रोक रहा। वहीं, हिमाचल में भी पंजाब या अन्य राज्यों के वाहनों को नहीं रोका जा रहा। दोनों राज्यों में आराम से टैक्सी चालक अपना काम कर रहे हैं। यदि कोई टैक्सी चालक गलत करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए वो फिर चाहे हिमाचल में हो या फिर पंजाब में। पिछले दिनों मनाली व डलहौजी में झगड़ा हुआ लेकिन वो शरारतीतत्त्वों की वजह से होता है, वो कहीं पर भी हो सकता है जिस पर ऐसा नहीं है कि सभी टैक्सी चालक समर्थन करेंगे।
