Himachal News: नशे में धुत्त युवक यमुना पुल से कूदा
पांवटा साहिब में पेश आया वाकया, नदी किनारे गिरने से दोनों पैर टूटे
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,
पांवटा साहिब में यमुना नदी में एक 24 वर्षीय नशेड़ी युवक आकाश निवासी वार्ड नंबर नौ देवीनगर ने यमुना पुल से छलांग लगा दी। यमुना पुल से छलांग लगाने के बाद युवक यमुना नदी में बजरी वाली जगह पर गिरा। इस दौरान तट पर खड़े गोताखोर शिवा, लक्की, महेश व अभिमन्यू ने नदी में कूद कर बड़ी मुश्किल से युवक की जान बचाई। जानकारी के मुताबिक यह युवक नशे का आदि है व नशे की हालत में यमुना पुल पर अपने कुछ दोस्तों के साथ पहुंचा व यमुना पुल से नदी में छलांग लगा दी। इस दौरान यमुना नदी के तट पर तैनात गोताखोरों ने उसे देख लिया व बिना समय गवाएं उठाकर किनारे ले आए।
इस दौरान आकाश के दोस्तों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना के तुरंत बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई व आकश को पांवटा सिविल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में मौजूद डा. तुषार ने बताया कि यमुना पुल से बजरी में गिरने के बाद आकाश के दोनों पैरों और पीठ पर फ्रेक्चर हुआ है, जिसके कारण उसे प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर के लिए रैफर कर दिया है। आकाश नशे का आदि है व नशा मुक्ति केंद्र भी रहकर आया है तथा नशे की हालत में उसने यमुना नदी से छलांग लगाई है।
सुबह आठ से रात आठ बजे तक गोताखोर टीम तैनात
बता दें कि यमुना नदी में बरसात के कारण जल स्तर बहुत बढ़ गया है जिसको लेकर प्रशासन ने यहां सुरक्षा के लिए रेस्क्यू टीम में छह गोताखोर सुबह आठ से रात आठ बजे तक खड़े किए हुए हैं, जिसके चलते इस युवक की जान बच गई। उधर, एसडीपीओ पांवटा साहिब आईपीएस अदिति सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
