Himachal Pradesh

तीनों सीटों पर उपचुनाव में कितने फीसदी हुआ मतदान, जानिए

Spread the love

नालागढ़ में 79.04, हमीरपुर में 67.72 और देहरा में सबसे कम 65.42 फीसदी वोटिंग

संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,

हिमाचल में उपचुनाव के लिए तीनों सीटों पर बुधवार को बंपर वोटिंग हुई है, हालांकि मतदान का आंकड़ा विधानसभा 2022 के चुनाव में हुए मतदान को नहीं छू सका है। तीनों सीटों पर करीब 71 फीसदी मतदान हुआ है। अब तीनों सीटों के 13 जुलाई को आने वाले परिणाम पर सबकी नजरें रहेंगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की धर्मपत्नी के उपचुनाव लडऩे की वजह से सबसे दिलचस्प मुकाबले वाली देहरा विधानसभा सीट पर 65.42 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। देहरा में 2022 के चुनाव में 60 हजार 575 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था, जो कुल मतदान का 71 फीसदी था। उपचुनाव में करीब छह फीसदी वोटों की गिरावट यहां देखने को मिली है। उपचुनाव में 55 हजार 408 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है। कांग्रेस और भाजपा ने उपचुनाव को पूरी तरह से देहरा में केंद्रित कर दिया था। उपचुनाव के टिकट तय होने के बाद से मुख्यमंत्री देहरा में लगातार प्रवास कर रहे थे। इतना ही नहीं यहां, कांग्रेस की तरफ से फिल्डिंग भी मुख्यमंत्री और उनकी टीम ने ही लगाई थी। मुख्यमंत्री सुक्खू ने विधानसभा उपचुनाव में स्टार प्रचारक की भूमिका निभाई है, लेकिन उनकी सबसे ज्यादा जनसभाएं देहरा में ही हुई हैं।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री हमीरपुर और नालागढ़ दोनों जगह दौरे करते रहे, जबकि नालागढ़ प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह और पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह के हवाले था। हालांकि नालागढ़ में अंतिम चरण में सचिन पायलट ने भी दौरा किया है। नालागढ़ में 79.04 प्रतिशत मतदान हुआ है, जो 2022 के मुकाबले करीब दो फीसदी कम है।