कांगड़ा के ढगवार मिल्क प्लांट को 201 करोड़ जारी
मुख्यमंत्री बोले, शुरुआत में 1.50 लाख लीटर प्रतिदिन होगी प्लांट की क्षमता
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार यहां कहा कि जिला कांगड़ा के ढगवार में दूध प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित करने के लिए 201 करोड़ रुपए आबंटित किए गए हैं। यह संयंत्र राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के सहयोग से निर्मित किया जाएगा, जिसका कार्य शीघ्र ही आरंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संयंत्र की प्रारंभिक क्षमता 1.50 लाख लीटर प्रतिदिन होगी, जिसे तीन लाख लीटर प्रतिदिन बढ़ाया जा सकता है। पूर्ण रूप से स्वचालित इस संयंत्र में दही, लस्सी, मक्खन, घी, पनीर, खोया, फ्लेवर्ड मिल्क और मिजोला चीज जैसे दूध के उत्पाद तैयार किए जाएंगे। यह संयंत्र कांगड़ा, हमीरपुर, चंबा और ऊना जिलों के किसानों की आर्थिकी सुदृढ़ करने में मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना प्रदेश के पशुपालकों की आर्थिकी मजबूत बनानेे में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस परियोजना के साकार होने से पशुपालन क्षेत्र से जुड़े लोगों के जीवन में समृद्धि आएगी और किसानों को उनकी मेहनत के बेहतर दाम मिलेंगे। यह संयंत्र कृषि और पशुपालन समुदाय से जुड़े किसानों की आजीविका में सुधार लाने की दिशा में प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।
कई प्रकार के उत्पाद तैयार होंगे
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि परियोजना का संचालन शुरू होने के उपरांत इस संयंत्र में मिल्क पाउडर, आइसक्रीम व पनीर के विभिन्न प्रकार के उत्पाद तैयार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की उन्नति और समृद्धि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश सरकार ने गाय के दूध के खरीद मूल्य को 32 से बढ़ाकर 45 रुपए और भैंस के दूध को 55 रुपए प्रति लीटर किया है।
