रोड सेफ्टी अभियान लांच करेंगे उपमुख्यमंत्री
आईजीएमसी शिमला के ऑडिटोरियम में आज होगा आगाज
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,
हिमाचल की अग्रणी मीडिया ग्रुप ‘दिव्य हिमाचल’ के सहयोग से मेडिकल कालेजों में सडक़ सुरक्षा और ट्रॉमा केयर पर चलाए जा रहे अभियान का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री शुक्रवार को करेंगे। आईजीएमसी मेडिकल कालेज शिमला के ऑडिटोरियम से इस अभियान का आगाज होगा। इसके बाद प्रदेश के अन्य छह मेडिकल कालेज में भी इसी तरह के आयोजन किए जाएंगे। इस आयोजन में आईजीएमसी मेडिकल कालेज के मेडिकल स्टूडेंट और नर्सिंग छात्राएं शामिल होंगी। परिवहन निदेशक डीसी नेगी, स्वास्थ्य शिक्षा निदेशक डा. राकेश शर्मा, आईजीएमसी प्रिंसीपल डाक्टर सीता ठाकुर, सेक्रेटरी स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी नरेश ठाकुर, डिप्टी डायरेक्टर ट्रांसपोर्ट ओंकार सिंह, डीएसपी रोड सेफ्टी सेल दुष्यंत सरपाल इस कार्यक्रम का हिस्सा होंगे। मेडिकल स्टूडेंट्स के लिए पांच रिसोर्स पर्सन सडक़ सुरक्षा और ट्रॉमा केयर के महत्त्व के बारे में बताएंगे।
इसमें राज्य के रोड एक्सीडेंट सिनेरियो के अलावा रोड सेफ्टी एक्टिविटी पर परिवहन विभाग, ट्रॉमा केयर में आईजीएमसी के अनुभवों पर प्रिंसीपल डॉक्टर सीता ठाकुर, गुड स्मार्टियन और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 134ए पर एएसपी नरवीर राठौर अपना संबोधन देंगे। स्टूडेंट्स को एक्सीडेंट के बाद के एक घंटे के महत्त्व के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। ‘दिव्य हिमाचल’ के इस आयोजन में परिवहन विभाग के अलावा चिकित्सा शिक्षा विभाग, सतलुज जल विद्युत निगम, स्टीलबर्ड हेलमेट, टीवीएस और रात्रा ज्वेलर्स पार्टनर्स हैं।
