कंगना ने जनता से मांगा आधार कार्ड, तो विक्रमादित्य सिंह कह गए बड़ी बात
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,
मंडी की सांसद कंगना इन दिनों अपने संसदीय क्षेत्र में हैं। बीते रोज उन्होनें मंडी में आम लोगों की सुविधा के लिए सांसद संवाद केंद्र खोला। कंगना ने यहां लोगों की समस्याओं को सुनने के लिए तीन संवाद केंद्रों का उद्घाटन किया। इसमें भांवला, मनाली और मंडी शामिल हैं। मीडियाकर्मियों से बात में कंगना ने कहा कि वह सांसद हैं और सांसद का काम पंचायत स्तर और विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं को सुनना नहीं है।
सांसद का काम संसद में सवाल उठाना और सरकार की नीतियों को लागू करना है। कई बार लोग उनके पास छोटी-छोटी समस्याएं लेकर चले आते हैं, जो या तो पंचायत स्तर की होती हैं या फिर विधानसभा क्षेत्र की, जिसके लिए पंचायत प्रतिनिधि और विधायक होते हैं। उन्होंने कहा कि मिलने आने वाले के पास मंडी क्षेत्र का आधार कार्ड होना चाहिए। काम भी चि_ी पर होना जरूरी है, ताकि असुविधा न हो। कई बार टूरिस्ट आ जाते हैं, इससे आम लोगों को असुविधा होती है। कंगना के इस बयान पर पहले तो सोशल मीडिया पर लोगों ने खूब चुटकी ली, वहीं अब मंडी से कांग्रेस प्रत्याशी रहे और कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी कंगना पर निशाना साधा। उन्होंने पोस्ट कर कहा कि किसी को उनसे मिलने के लिए आधार लाने की जरूरत नहीं हैं। कोई भी व्यक्ति उनसे कभी भी मिल सकता है।
