जिस राज्य में भाजपा सरकार नहीं, पीएम ने वहां भी दिया ध्यान
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,
लोकसभा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने सदा ही राज्यों के साथ संघीय ढांचे को मज़बूत करने की भावना से काम किया और जिन राज्यों में भाजपा की सरकारें नहीं थीं, वहां भी कभी किसी प्रकार की कमी मोदी ने नहीं आने दीं। अनुराग ठाकुर झारखंड के बोकारो में बेहतर झारखंड युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित कर रहे थे। अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र हमीरपुर में भी बिना किसी सरकारी सहायता के युवाओं के लिए कई कार्यक्रम चालू किए हैं जिनका सुखद परिणाम आज जमीनी स्तर पर देखने को मिल रहा है।
मेरे हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में सांसद खेल महाकुंभ, सांसद भारत दर्शन, एक से श्रेष्ठ कार्यक्रम ने युवाओं के हौसलों को नई उड़ान दी है। केंद्र सरकार की मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया डिजिटल इंडिया, मुद्रा योजना जैसी योजनाओं से जुडक़र युवाओं ने अपने दम पर ऐसे संस्थान खड़े किए हैं जिनका लोहा विदेशी कंपनियां भी मान रही हैं।
