जम्मू में स्नाइपर अटैक की तैयारी में आतंकी
खुफिया इंटेलिजेंस नोट में आतंकी संगठनों का प्लान पूरी तरह बेनकाब
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,
पाकिस्तान की सरपरस्ती में आतंकियों का जम्मू को दहलाने का प्लान बेनकाब हो गया है। एक न्यूज चैनल ने उसके पास उस खुफिया इंटेलिजेंस नोट की कॉपी मौजूद होने का दावा किया है, जिसमें जम्मू में बड़े आतंकी हमले की पूरी साजिश दर्ज है। इन इंटेलिजेंस नोट से यह साफ तौर पर जाहिर होता है कि भारत के कभी बेहद शांत रहे जम्मू इलाके को दहलाने के लिए आतंकवादियों ने पाकिस्तान की मदद से किस तरह पुख्ता तैयारी कर रखी है। इन इंटेलिजेंट नोट में पाकिस्तान की नापाक साजिश का कच्चा चि_ा मौजूद है। पाकिस्तान ने जम्मू इलाके में आतंक फैलाने के लिए जमीन, आसमान और फिर साइबर स्पेस से हर संभव कोशिश की। अब यह भी आशंका है कि वह आतंकियों के जरिए स्नाइपर अटैक की फिराक में है। यहां गौर करने वाली बात यह भी है कि अमरीका में डोनाल्ड ट्रंप पर हाल ही में जो हमला हुआ, वह स्नाइपर अटैक ही था।
खुफिया सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान ने अपनी इस चाल में पुराने आतंकी संगठनों को तो एक्टिव रखा ही है, साथ ही रेजिस्टेंस फ्रंट, कश्मीर टाइगर, जम्मू डोगरा लिबरेशन फ्रंट जैसे संगठनों को आगे रखकर आतंकी हमले को अंजाम दे रहा है। इन आतंकियों ने धार्मिक उन्माद फैलाने के लिए हमले की योजना बनाई या फिर भारत की सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए साजिश रची। इन इंटेलिजेंस नोट्स में इस बात का बाकायदा जिक्र है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बाद अब यूरोप और तुर्की जैसे देशों को भी पाकिस्तान ने अपनी साजिश का केंद्र बनाया है। न्यूज चैनल को मिले इंटेलिजेंस नोट में एक पहली जून को जारी किया गया था, जिसमें इस बात का जिक्र है कि आईईडी और विस्फोटकों की खेप जम्मू के मैदानी इलाकों में पहुंच चुकी है। इस खेप से सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की कोशिश की जा रही है। दूसरा नोट भी इसी दौरान का है, जिसमें इस बात का जिक्र है कि लश्कर और जम्मू डोगरा लिबरेशन फ्रंट टीआरएफ की मदद से आतंकी हमले को अंजाम दे सकते हैं। इस पूरे प्लान में तुर्की और यूरोप से इस मॉड्यूल को मदद मिल रही है। इसी के बाद नौ जून को आतंकियों ने कठुआ में तीर्थयात्रियों की बस को निशाना बनाया, जिससे बस ने संतुलन खो दिया और खाई में जा गिरी। इस वारदात में नौ तीर्थ यात्रियों की मौत हो गई थी।
