सुप्रीम कोर्ट को मिले दो नए जज, सीजेआई चंद्रचूड़ ने दिलाई शपथ
एन कोटिश्वर-आर महादेवन पहुंचे सर्वोच्च न्यायालय
जम्मू-कश्मीर हाई-कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एन. कोटिश्वर सिंह ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश पद की शपथ ली और वह मणिपुर से सर्वोच्च न्यायालय में पदोन्नत होने वाले पहले न्यायाधीश बन गए हैं। मद्रास हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश आर. महादेवन ने भी सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के तौर पर शपथ ली। सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ ने यहां सुप्रीम कोर्ट परिसर में हुए एक समारोह में दोनों न्यायाधीशों को पद की शपथ दिलाई। इसके साथ ही अब सुप्रीम कोर्ट में सीजेआई समेत न्यायाधीशों की संख्या 34 हो गई है, जो कि पूर्ण है।
सुप्रीम कोर्ट में पहली सितंबर, 2024 को न्यायमूर्ति हिमा कोहली के सेवानिवृत्त होने तक 34 न्यायाधीश काम करेंगे। इसके बाद सीजेआई चंद्रचूड़ इस साल दस नवंबर को सेवानिवृत्त होंगे। न्यायमूर्ति एएस बोपन्ना और न्यायमूर्ति अनिरुद्ध बोस के सेवानिवृत्त होने के बाद दो पद रिक्त हो गए हैं।
