28 जुलाई को 2620 अभ्यर्थी देंगे जेल वार्डरों की परीक्षा, कुल पद…
अभ्यर्थियों को ई-मेल पर भेजे जा रहे कॉल लेटर
शिमला, मंडी और धर्मशाला में होगी लिखित परीक्षा
28 जुलाई को तीन केंद्रों में आयोजित की जाएगी परीक्षा
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,
प्रदेश में जेल वार्डरों के 91 पदों के लिए 28 जुलाई को लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। जेल वार्डरों की परीक्षा के लिए शिमला, मंडी और धर्मशाला में तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रदेशभर से 2620 अभ्यर्थी जेल वार्डरों की परीक्षा देंगे। इनमें 2343 परूष और 273 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। कारागार एवं सुधारात्मक सेवाएं विभाग की ओर से अभ्यर्थियों की पंजीकृत मेल आईडी पर कॉल लेटर भेजे जा रहे हैं। महानिदेशक कारागार एवं सुधारात्मक सेवाएं संजीव रंजन ओझा ने बताया कि प्रदेश में जेल वार्डरों के 91 पदों के लिए 28 जुलाई को लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर से 2620 अभ्यर्थी जिसमें 2343 पुरूष, 273 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के शिमला, सोलन, सिरमौर और किन्नौर जिलों के अभ्यर्थियों के लिए राजकीय महाविद्यालय संजौली में परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा मंडी, कुल्लू, बिलासपुर और हमीरपुर जिलों के अभ्यर्थियों के लिए बल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी में परीक्षा केंद्र बनाया गया है। वहीं, कांगड़ा, चंबा और ऊना जिला के अभ्यर्थियों के लिए राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
जेल वार्डरों की परीक्षा के लिए सभी उत्तीर्ण अभ्यर्थी उम्मीदवार अपने-अपने प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) कारागार विभाग की वैबसाइट एडीएमआईएसडॉटएचपीडॉटएनआईसीडॉटइन/एचपीप्रीसनस से व अपने पंजीकृत ई-मेल से 23 जुलाई 2024 के बाद डाउनलोड कर सकते हैं। एडमिट कार्ड डाउनलोड करना सभी अभ्यर्थियों की व्यक्तिगत जिम्मेवारी होगी। किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा हाल में इलेक्ट्रोनिक उपकरण जिसमें मोबाईल फोन, कैलकूलेटर, ईलेक्ट्रानिक वॉच, वायरलैस डिवाईस, ब्लयूटूथ, ईयर फोन और बैग आदि ले जाने की अनुमति नहीं होगी। किसी भी अभ्यर्थी के रिश्तेदार/माता-पिता, दोस्त एवं अभ्यर्थी द्वारा परीक्षा केंद्र में अपना वाहन साथ लाने की मनाही होगी। परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थी अपने साथ कार्ड बोर्ड तथा काला एवं नीला बाल पैन साथ लेकर उपस्थित होंगे।
