यूपीएससी मुख्य परीक्षा सितंबर में
प्रारंभिक परीक्षा के रिजल्ट की लिस्ट जारी, पांच-छह दिन चलेगा एग्जाम
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,
संघ लोकसेवा आयोग (यूपीएससी) ने यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (सीएसई) 2024 में पास उम्मीदवारों के नाम की लिस्ट जारी कर दी है। बता दें, यूपीएससी ने पहली जुलाई को यूपीएससी प्रारंभिक 2024 के परिणाम घोषित किए थे, लेकिन उस समय नाम की लिस्ट जारी नहीं हुई थी। प्रारंभिक परीक्षा देने वाले सभी उम्मीदवार यूपीएससी की वेबसाइट upsc.gov.in के माध्यम से नाम लिस्ट देख सकते हैं। बता दें, जो उम्मीदवार यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा परीक्षा में सफल हुए हैं, उन्हें मुख्य परीक्षा में बैठने का मौका दिया जाएगा। इस साल कुल 14,627 उम्मीदवार मुख्य परीक्षा के लिए क्वालिफाई हुए हैं। यूपीएससी कैलेंडर 2024 के अनुसार सिविल सेवा परीक्षा (मुख्य) परीक्षा 20 सितंबर, 2024 से आयोजित की जाएगी।
यूपीएससी सीएसई मुख्य परीक्षा एक डिस्क्रिप्टिव टाइप की होती है, जिसमें कुल 1750 अंकों के नौ पेपर शामिल हैं। बता दें कि यूपीएससी मुख्य परीक्षा के एडमिट कार्ड सितंबर महीने के पहले सप्ताह में एडमिट कार्ड जारी हो सकते हैं। आमतौर पर मुख्य परीक्षा पांच से छह दिन तक चलती है। यूपीएससी मुख्य परीक्षा 2024 में नौ पेपर शामिल होंगे, जो कई शिफ्ट में आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक पेपर की समय अवधि तीन घंटे है। निबंध पेपर को छोडक़र परीक्षा दो शिफ्ट में सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। शिफ्ट का समय, परीक्षा स्थल, परीक्षा तिथि संबंधित सूचना एडमिट कार्ड के माध्यम से दी जाएगी।
1056 पदों पर होगी भर्ती
यूपीएससी सिविल सेवा 2024 परीक्षा के माध्यम से केंद्र सरकार की सेवाओं और विभागों में 1056 रिक्तियां भरी जाएंगी। इसमें भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा और भारतीय विदेश सेवा शामिल हैं। कुल रिक्तियों में से 40 बेंचमार्क विकलांगता श्रेणी वाले व्यक्तियों के लिए आरक्षित हैं। पिछले साल के 1,105 पद भरे गए थे, जबकि 2021 में पदों की संख्यान 712 और साल 2020 में पदों की संख्या 796 थी।
