SC के आदेश पर NTA ने जारी किया NEET-UG का रिजल्ट, यहां देखें सेंटर वाइज परिणाम
पहचान अब भी छिपाई, विवादित गोधरा-हजारीबाग सेंटर से कोई टॉपर नहीं
एक और मास्टरमाइंड समेत तीन गिरफ्तारियां
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के
बाद एनटीए ने अपलोड किया सेंटर-वाइज डाटा
राजकोट में 12, सीकर में 8 छात्रों के 700 से ज्यादा अंक
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,
सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने शनिवार को नीट यूजी-2024 की परीक्षा में शामिल सभी अभ्यर्थियों के परिणाम सिटी और सेंटर वाइज अपनी बेवसाइट पर जारी कर दिए। एनटीए ने नीट-यूजी के नतीजे अपनी आधिकारिक वेबसाइट एनटीए.एसी.इन पर जारी किए हैं। नतीजों में विद्यार्थियों की पहचान उजागर नहीं की गई है। जारी रिजल्ट में गुजरात के गोधरा और हजारीबाग सेंटर्स से कोई भी कैंडीडेट टॉपर नहीं बना है। विवादित जय जलाराम स्कूल, परवड़ी गोधरा एग्जाम सेंटर पर 181 परीक्षार्थियों ने नीट एग्जाम क्वालिफाई किया है। इसी बीच नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई ने तीन और गिरफ्तारियां की हैं। सीबीआई सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में कुमार मंगलम बिश्नोई, दीपेंद्र कुमार और शशि कुमार पासवान शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों में कुमार मंगलम बिश्नोई और दीपेंद्र कुमार भरतपुर मेडिकल कालेज में मेडिकल के छात्र हैं। गिरफ्तार हुए तीन आरोपियों में दो सॉल्वर गैंग का हिस्सा थे। इसके अलावा शशि कुमार पासवान नीट पेपर लीक मामले का सरगना है। वह हजारीबाग से ट्रंक से पेपर चोरी करने में मदद करने वाले पहले गिरफ्तार पंकज उर्फ आदित्य का साथी है। ये सभी परीक्षा के दिन 5 मई की सुबह पेपर सॉल्व करने के लिए हजारीबाग में मौजूद थे। बता दें कि गोधरा नीट परीक्षा धांधली केस में केंद्रीय जांच एजेंसी ने इसी स्कूल के प्रिंसीपल पुरुषोत्म शर्मा और एक टीचर तुषार भट्ट समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस सेंटर पर केवल दो स्टूडेंट ने 600 नंबर स्कोर किए हैं। इसके अलावा किसी भी कैंडीडेट को 600 से ज्यादा नंबर नहीं मिले हैं। उधर, वहीं ऑनलाइन अपलोड करने के बाद चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। राजकोट सेंटर पर 12 छात्रों के नंबर 700 से अधिक हैं और सीकर सेंटर से आठ छात्रों के नंबर 700 से अधिक हैं। गुजरात के राजकोट में यूनिट-1 स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग आरके यूनिवर्सिटी एग्जाम सेंटर (केंद्र संख्या 22701) पर परीक्षा देने वाले सबसे ज्यादा छात्रों ने नीट यूजी परीक्षा पास की है। यह आंकड़ा तकरीबन 85 फीसदी है। राजकोट के इस एग्जाम सेंटर पर 12 छात्रों के 700 से अधिक नंबर हैं, 115 छात्रों के 650 से अधिक नंबर, 259 छात्रों के 600 से अधिक नंबर और 403 छात्रों के 550 से अधिक नंबर हैं। इस एग्जाम सेंटर पर कुल 1968 उम्मीदवारों ने नीट की परीक्षा दी थी।
इसी तरह के आंकड़े राजस्थान के सीकर में विद्या भारती पब्लिक स्कूल एग्जाम सेंटर नंबर-392349 पर भी देखने को मिले। इस एग्जाम सेंटर पर कुल 1001 उम्मीदवारों ने पांच मई को नीट यूजी की परीक्षा दी थी। यहां आठ छात्रों के 700 से अधिक नंबर हैं, 69 छात्रों के 650 से अधिक नंबर, 155 छात्रों के 600 से अधिक नंबर और 241 छात्रों के 500 से अधिक नंबर आए हैं। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को निर्देश दिया कि वे इस साल के नीट-यूजी परीक्षा का शहर और सेंटर-वाइज परिणाम 20 जुलाई (शनिवार) को दोपहर 12 बजे तक अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित करें। न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला और मनोज मिश्रा की बेंच ने कहा था कि हम एनटीए को निर्देश देते हैं कि वे छात्रों की पहचान छिपाते हुए यूजी-2024 नीट परीक्षा में प्राप्त अंकों को प्रकाशित करें। परिणाम 20 जुलाई को दोपहर 12 बजे तक शहर और सेंटर-वाइज घोषित किया जाना चाहिए और एनटीए की वेबसाइट पर अपलोड किया जाना चाहिए। बेंच ने कहा कि छात्रों की पहचान को छिपाना जरूरी है और नकली रोल नंबर का इस्तेमाल किया जा सकता है। एनटीए ने डाटा अपलोड करने में सुप्रीम कोर्ट के इस निर्देश का ध्यान रखा है।
काउंसिलिंग शेड्यूल जल्द
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की की ओर से नतीजे जारी होने के बाद जल्द ही काउंसिलिंग के लिए शेड्यूल घोषित कर दिया जाएगा। शेड्यूल एवं रैंक के अनुसार अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग में भाग लेकर मेडिकल, डेंटल, आयुष और नर्सिंग स्नातक प्रवेश पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकेंगे।
