विधानसभा में बनेगा इतिहास; पहले पिता-पुत्र, अब पति-पत्नी एक साथ
कमलेश ठाकुर की शपथ लिखेगी नया अध्याय, पूर्व में वीरभद्र सिंह-विक्रमादित्य सिंह सदन में रह चुके हैं एक साथ
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,
हिमाचल विधानसभा के सदन में इतिहास बनने जा रहा है। विधानसभा में पहली मर्तबा पति और पत्नी एक साथ मौजूद होंगे। शपथ ग्रहण करने के साथ ही देहरा से उपचुनाव जीतीं मुख्यमंत्री सुक्खू की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर विधानसभा की सदस्य बन जाएंगी। विधायक कमलेश ठाकुर के लिए अगस्त माह में संभावित मानसून सत्र पहला सत्र होगा और इस सत्र में वह सदन में अपनी बात रखेंगी। सदन में इससे पहले पिता-पुत्र की जोड़ी नजर आ चुकी है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह 2017 के विधानसभा चुनाव के बाद सदन में एक साथ मौजूद रह चुके हैं। वीरभद्र सिंह 2012 में शिमला ग्रामीण सीट से चुनाव जीतकर मुख्यमंत्री बने थे, जबकि 2017 के चुनाव में उन्होंने यह सीट बेटे विक्रमादित्य सिंह के लिए खाली कर दी थी और खुद अर्की विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और विक्रमादित्य सिंह दोनों ही चुनाव जीत गए थे। हालांकि सरकार कांग्रेस की नहीं बन पाई थी। फिलहाल, इस बार पहली मर्तबा सत्ता पक्ष में रहते हुए पति और पत्नी सरकार चलाएंगे।
विधानसभा उपचुनाव में जीत दर्ज करने वाले तीनों विधायकों का शपथ ग्रहण आज होगा। शपथ ग्रहण के साथ ही विधानसभा में एक बार फिर विधायकों की संख्या बढक़र 68 हो जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर ने देहरा में उपचुनाव के दौरान जीत हासिल की है। कांग्रेस के सर्वे में कमलेश ठाकुर को सशक्त उम्मीदवार बताया गया था और नतीजे आने के बाद यह साफ भी हो गया। फिलहाल, कमलेश ठाकुर के साथ हमीरपुर से आशीष शर्मा और नालागढ़ से हरदीप सिंह बावा शपथ ग्रहण करेंगे।
कमलेश ठाकुर ने हासिल किए थे सबसे ज्यादा वोट
निर्दलीय विधायकों के इस्तीफे के बाद खाली हुई तीनों सीटों पर पूरी की गई चुनावी प्रक्रिया में देहरा से मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर ने 9399 वोटों से, नालागढ़ में कांग्रेस की टिकट पर हरदीप सिंह बावा ने 8990 वोटों और हमीरपुर में भाजपा की टिकट पर आशीष शर्मा ने 1571 वोट के अंतर से विधानसभा का चुनाव जीते हैं। तीनों निर्वाचित सदस्यों के शपथग्रहण के साथ ही सदन में कांग्रेस के विधायकों की संख्या 40 और भाजपा के विधायकों की संख्या 28 हो जाएगी। अब विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया सोमवार को सुबह 11 बजे तीनों सदस्यों को शपथ दिलवाएंगे।
