Employment News

आईजीएमसी में भरे जाएंगे 673 पद

Spread the love

सीएम का ऐलान, 600 स्टाफ नर्स, 43 ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट और 30

संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,

इंदिरा गांधी मेडिकल कालेज अस्पताल में राज्य सरकार बंपर भर्ती करने जा रही है। एक साथ 673 पद भरे जाएंगे। इनमें सबसे बड़ा आंकड़ा स्टाफ नर्स का है। भविष्य में इस भर्ती का लाभ न सिर्फ आईजीएमसी आने वाले मरीजों को मिलेगा बल्कि अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पैशिएलिटी संस्थान चमियाणा में भी लोगों को राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यह बात स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में कही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मरीजों के लिए त्वरित और कुशल चिकित्सा देखभाल सुनिश्चित करने के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कालेज (आईजीएमसी) में 600 स्टाफ नर्स और 43 ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट (ओटीए) तैनात किए जाएंगे। आईजीएमसी के आधुनिकीकरण के लिए 25 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त, आईजीएमसी में आपातकालीन चिकित्सा विभाग को मजबूत करने के लिए चिकित्सा अधिकारियों (एमओ) के 30 पद भरे जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने आईजीएमसी और अन्य मेडिकल कालेजों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर दिया।
उन्होंने राज्य के भीतर विशेष चिकित्सा देखभाल सुनिश्चित करने के लिए बुनियादी ढांचे में वृद्धि और डाक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और तकनीशियनों के रिक्त पदों को भरने पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिमला में अटल इंस्टीच्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पैशिएलिटी संस्थान सेवाएं प्रदान करेगा और राज्य सरकार डाक्टरों और सहायक कर्मचारियों के लिए बेहतर कामकाजी परिस्थितियां प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि आधुनिक प्रौद्योगिकियों और उपकरणों को शामिल करने के लिए धन उपलब्ध है। स्वास्थ्य मंत्री डा. (कर्नल) धनी राम शांडिल, मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, विधायक हरीश जनारथा, प्रधान सचिव वित्त देवेश कुमार, सचिव स्वास्थ्य एम. सुधा देवी, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डा. गोपाल बेरी और वरिष्ठ अधिकारी बैठक में शामिल हुए।