Himachal Pradesh

ट्रांसफर बैन और स्कूल बंद करने पर फैसला आज

Spread the love

कैबिनेट मीटिंग में शिक्षा में गुणवत्ता के लिए हो सकते हैं कुछ और बड़े फैसले

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक गुरुवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में दोपहर 12 बजे राज्य सचिवालय में होगी। इस बैठक में कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। शिक्षा विभाग कैबिनेट की इस बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार को लेकर बड़े निर्णय करवाने जा रहा है। विभाग में शैक्षणिक सत्र के बीच में टीचर ट्रांसफर को पूरी तरह प्रतिबंधित करने का मामला लगेगा। साथ ही सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्कूलों के लिए युक्तिकरण की प्रक्रिया को भी हरी झंडी दी जाएगी। मंत्रिमंडल के सामने जीरो एडमिशन वाले 100 सरकारी स्कूलों व काम एडमिशन वाले करीब 650 स्कूलों का आंकड़ा भी रखा जाएगा। इन स्कूलों में से कितने, किस फार्मूले के तहत बंद करने हैं, यह निर्णय कैबिनेट को लेना है। मंत्रिमंडल स्कूल में प्रशासनिक काम देखने वाले प्रिंसीपल, हैड मास्टर और सेंटर हैड टीचर के लिए भी दिन में एक घंटा बच्चों को पढ़ाना आवश्यक कर सकता है।

कैबिनेट में सेब बागबानों को राहत देने पर फैसला हो सकता है। वित्त विभाग से इस पर मंजूरी मिल गई है। लिहाजा अब मामला कैबिनेट में जाएगा। इस सेब सीजन के दौरान बागबानों को एमआईएस योजना के तहत कितना समर्थन मूल्य दिया जाना है यह तय होगा। अभी तक सरकार 12 रुपए प्रति किलो के हिसाब से सेब की खरीद करती है। वहीं, जल शक्ति विभाग की ओर से सोलन जिला के धर्मपुर में जल शक्ति डीवीजन खोले जाने का प्रस्ताव भी भेजा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने पिछले दिनों इसकी घोषणा की थी, जिस पर कैबिनेट की मुहर लगेगी।

हिमकेयर योजना में बड़े बदलाव पर भी होगा निर्णय

स्वास्थ्य विभाग की ओर से हिमकेयर योजना को लेकर बड़ा फैसला करवाया जा सकता है। इस स्कीम में राज्य सरकार के ऊपर 370 करोड़ का बकाया हो गया है। स्वेास्थ्य विभाग ने कैबिनेट के लिए एक प्रेजेंटेशन तैयार की है, जिसमें इस स्कीम की कमियों को लेकर बताया जाएगा। कैबिनेट इस योजना में सुधार को लेकर बड़े फैसले ले सकती है। हिमकेयर कार्ड बनाने की अवधि सीमित होगी और प्रीमियम के भी अब पैसे लगेंगे।

दिल्ली जा सकते हैं सीएम

कैबिनेट के बाद मुख्यमंत्री सुक्खू दिल्ली जा सकते हैं। 27 जुलाई को दिल्ली में नीति आयोग की बैठक है, जिसमें सभी मुख्यमंत्री बुलाए गए हैं। सूचना यह है कि कांग्रेस नीत गठबंधन के मुख्यमंत्री बैठक का बहिष्कार करेंगे। इस बारे में सीएम ने कहा कि उन्हें बहिष्कार की जानकारी नहीं है। हिमाचल सरकार ने अपना नोट भी बना कर भेज दिया है मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना सीएम के साथ ही दिल्ली जाएंगे। एक सवाल के जवाब में सीएम ने कहा कि जेओए आईटी 817 परीक्षा का रिजल्ट जल्दी घोषित होगा और सरकार ने मंजूरी दे दी है।