केंद्र ने बदले 10 राज्यपाल, 1908 गांव सडक़ से कोसों दूर, हर पंचायत में खुलेगा लोकमित्र केंद्र
ओम प्रकाश माथुर-गंगवार सहित छह नए राज्यपाल बनाए, तीन की ट्रांसफर
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,
मोदी 3.0 में पहली बार 10 राज्यों के राज्यपाल बदल दिए हैं। इसके साथ ही केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ का प्रशासक भी बदल दिया गया है। राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार छह नए राज्यपाल नियुक्त किए गए हैं, जबकि तीन की ट्रांसफर की गई है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम प्रकाश माथुर को सिक्किम का गवर्नर बनाया गया है। गुलाब चंद कटारिया अब पंजाब के राज्यपाल के अलावा चंडीगढ़ के प्रशासक का जिम्मा संभालेंगे। श्री कटारिया अभी तक असम के राज्यपाल थे। उन्हें फरवरी 2023 में असम का राज्यपाल बनाया गया। इससे पहले वह राजस्थान भाजपा के बड़े नेता थे। वह 2014 से 2018 तक वसुंधरा राजे की सरकार में राज्य के गृह मंत्री भी रहे हैं। श्री कटारिया को बनवारीलाल पुरोहित (83) के स्थान पर बदला गया है। श्री पुरोहित ने फरवरी में व्यक्तिगत कारणों के चलते राष्ट्रपति को एक संक्षिप्त पत्र भेजकर अपने पद से इस्तीफा देने की मांग की थी, जिसे राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया और उनकी जगह श्री कटारिया को नियुक्त किया है।
इसके अलावा महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर रहे हरिभाऊ बागड़े राजस्थान, पूर्व केंद्रीय मंत्री और आठ बार के सांसद रहे संतोष गंगवार झारखंड, असम से पूर्व सांसद रमन डेका छत्तीसगढ़ के गवर्नर बनाए गए हैं। हरिभाऊ किसनराव बागड़े को राजस्थान, सीपी राधाकृष्णन को महाराष्ट्र, जिष्णु देववर्मा को तेलंगाना, लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को असम और मणिपुर, सीएच विजयशंकर को मेघालय का राज्यपाल बनाया गया है। केंद्र सरकार ने कलराज मिश्र (राजस्थान), बिस्वभूषण हरिचंदन (छत्तीसगढ़), रमेश बैस (महाराष्ट्र), बनवारीलाल पुरोहित (पंजाब-चंडीगढ़), अनुसुइया उइके (मणिपुर) और फागू चौहान (मेघालय) को हटा दिया है। जो राज्यपाल बदले गए हैं,उनमें सीपी राधाकृष्णन को झारखंड से महाराष्ट्र भेजा गया है। गुलाब चंद कटारिया को असम से पंजाब-चंडीगढ़ तथा लक्ष्मण आचार्य को सिक्किम की जगह असम और मणिपुर का कार्यभार दिया गया है।
ये राज्पाल हटाए
कलराज मिश्र (राजस्थान), बिस्वभूषण हरिचंदन (छत्तीसगढ़), रमेश बैस (महाराष्ट्र), बनवारीलाल पुरोहित (पंजाब-चंडीगढ़), अनुसुइया उइके (मणिपुर) और फागू चौहान (मेघालय)
