15 साल पुराने वाहन नहीं होंगे स्क्रैप, मिल सकती है इतने सालों की छूट
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,
स्क्रैप पॉलिसी के तहत 15 साल पुराने वाहनों को सड़कों से हटाने के आदेशों के बाद नगर निगम ने प्रदेश सरकार से 2-3 साल की एक्सटैंशन देने की मांग की है। इसे लेकर सदन में प्रस्ताव पारित कर प्रदेश सरकार को मंजूरी को भेजा जाएगा। सदन में मेयर सुरेंद्र चौहान ने इस मामले को उठाया। मेयर ने कहा कि जो वाहन 15 साल पुराने हो चुके हैं उनकी करीब 3 साल की पासिंग की जानी चाहिए। इससे सरकार को भी अतिरिक्त राजस्व की आमदनी होगी, जबकि प्रदेश के लोगों को बड़ी राहत मिल सकेगी। जो वाहन मालिक नया वाहन नहीं खरीद सकता है, उसे इसमें कुछ साल की छूट मिलने से राहत मिलेगी। ऐसे में सदन में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
मेयर ने कहा कि वह इस मामले को लेकर पार्षदों के साथ मुख्यमंत्री सुक्खू से मिलेंगे। मेयर ने कहा कि शहर में करीब 1 लाख से ज्यादा वाहन होंगे जो 15 साल पुराने हो गए हैं। ऐसे में यदि इन्हें एक्सटैंशन सरकार देती है तो सरकार को इन वाहनों से करीब 200 से 300 करोड़ रुपए के राजस्व की आमदनी पासिंग फीस से मिल सकती है। इनमें घरेलू और कमर्शियल दोनों तरह के वाहन शामिल हैं। नगर निगम में भी ऐसे वाहन हैं जो 15 साल पुराने हो चुके हैं। ऐसे में निगम अब नए 5 वाहन खरीदने जा रहा है। इनमें टिप्पर से लेकर छोटी गाड़ियां शामिल हैं। इसके लिए सदन ने करीब 55 लाख रुपए के एस्टीमेट को स्वीकृति प्रदान की है। सोमवार को नगर निगम के मेयर सुरेंद्र चौहान की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें शहर के विकास कार्यों को लेकर मंजूरी प्रदान की गई।
