Himachal Pradesh

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने केंद्र से मांगे 458 करोड़ रुपए

Spread the love

केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल से की मुलाकात, जल जीवन मिशन में हिमाचल को मंजूर हुए हैं 916 करोड़

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

उप.मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से जल जीवन मिशन की पहली किश्त के पहले और दूसरे ट्रेंच की 458.26 करोड़ रुपए की राशि शीघ्र जारी करने का आग्रह किया। उपमुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल को अवगत करवाया कि केंद्र सरकार ने जल जीवन मिशन के तहत वर्तमान वित्त वर्ष के लिए 916.53 करोड़ रुपए आवंटित करने को स्वीकृति दी है, लेकिन अब तक राज्य सरकार को कोई धनराशि जारी नहीं की गई है। उन्होंने सोमवार को नई दिल्ली में श्रम शक्ति भवन में केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से भेंट की। इस अवसर पर आयोजित बैठक में जल जीवन मिशन के तहत जल शक्ति विभाग को धनराशि जारी करने संबंधी विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि कुछ प्रमुख परियोजनाएं जिनमें फिना सिंह मध्यम सिंचाई परियोजना केंद्र सरकार के पास प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत शामिल करने के लिए काफी समय से विचाराधीन हैं। इसके लिए लगभग 282.47 करोड़ की धनराशि की आवश्यकता है। इसके अतिरिक्त 120.79 करोड़ रुपए की बीत एरिया और कुटलैहड़ परियोजनाओं की मंजूरी प्रदान करने का आग्रह भी किया। मुकेश अग्निहोत्री ने केंद्रीय मंत्री को अवगत करवाया कि पिछले वर्ष हिमाचल प्रदेश को भारी बाढ़ और भू-स्खलन का सामना करना पड़ा, जिससे राज्य के विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। कुल्लू जिले में ब्यास नदी के किनारे विशेष रूप से पलचान और औट क्षेत्र के बीच बाढ़ नियंत्रण और प्रबंधन के लिए बाढ़ प्रबंधन और सीमा क्षेत्र कार्यक्रम के अंतर्गत धनराशि की आवश्यकता है।