टी-20 एशिया कप 2025 की मेजबानी करेगा भारत
2027 में बांग्लादेश में होगा वनडे टूर्नामेंट
भारत 2025 में टी-20 फॉर्मेट में मेंस एशिया कप की मेजबानी करेगा, जबकि बांग्लादेश 2027 में इस टूर्नामेंट के 50 ओवर के एडिशन की मेजबानी करेगा। पाकिस्तान और श्रीलंका ने संयुक्त रूप से 50 ओवर प्रारूप में 2023 का पुरुष एशिया कप आयोजित किया था, जिसमें भारत विजेता रहा था। भारत ने इससे पहले सिर्फ एक बार 1990/91 में मेंस एशिया कप की मेजबानी की थी, जिसमें वह कोलकाता के ईडन गार्डन में चैंपियन बना था। टेंडर डॉक्यूमेंट में ये भी कहा गया है कि मेंस एशिया कप के इन दोनों संस्करणों में (भारत टी-20, बांग्लादेश वनडे) 13-13 मैच होंगे। महिला टी-20 एशिया कप 2026 में खेला जाएगा। हालांकि ये टूर्नामेंट कहां होगा, इसकी मेजबानी कौन करेगा, फिलहाल इसकी जानकारी नहीं लग पाई है।
इसमें कुल 15 मैच होंगे। टेंडर डॉक्यूमेंट में पुरुष अंडर-19 एशिया कप भी शामिल है, जो क्रमश: 2024, 2025, 2026 और 2027 में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक संस्करण में 15 मैच खेले जाएंगे, इसके अलावा मेंस इमर्जिंग टीम एशिया कप, 2024 और 2026 (टी-20), 2025 और 2027 (50 ओवर) , में भी 50 ओवर और टी-20 के 30 मैच शामिल हैं। टेंडर राइट साइकिल में महिला इमर्जिंग टीम एशिया कप के दो संस्करण भी हैं, जिसमें 2025 और 2027 में क्रमश: प्रत्येक संस्करण में 15 मैच खेले जाएंगे। एशियन क्रिकेट काउंसिल ने कहा है कि इच्छुक पार्टियों के पास 10 मिलियन अमरीकी डालर से अधिक की नेटवर्थ होनी चाहिए या 31 मार्च, 2024 तक उनका वार्षिक कारोबार 15 मिलियन अमरीकी डालर से ज्यादा होना चाहिए। 2024 से 2027 तक के प्रायोजन अधिकारों के लिए ईओआई जमा करने की अंतिम तिथि दो अगस्त, शाम पांच बजे दुबई के समयानुसार है।
