National

अनुराग ठाकुर के बयान से गरमाई सियासत

Spread the love

पीएम मोदी के ट्वीट पर विपक्ष ने बोला हमला, बचाव में आई भाजप

संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,

लोकसभा में जाति जनगणना और बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर के बयान पर सियासत गरमा गई है। जहां एक ओर कांग्रेस संग तमाम विपक्षी दलों ने केंद्र पर हमला बोला, तो वहीं भाजपा अनुराग के बचाव में उतरी आई। अनुराग ठाकुर की टिप्पणी पर राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खडग़े ने कहा कि संसद में किसी की जाति नहीं पूछी जाती। अनुराग ठाकुर जानबूझकर राहुल गांधी का अपमान करने के लिए ऐसा कहा। यह सही नहीं है। अनुराग ठाकुर अपरिपक्व हैं, लेकिन प्रधानमंत्री को ट्वीट करने की क्या जरूरत थी? मैं प्रधानमंत्री के ट्वीट की निंदा करता हूं। प्रधानमंत्री को पता होना चाहिए कि कहां बोलना है और किसका बचाव करना है। दूसरी ओर, सदन से बाहर आकर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस जाति के नाम पर देश को तोडऩा चाहती है। वह साजिश कर रही है। आखिर जाति पूछने पर कांग्रेस क्यों भडक़ रही है।

इस मुद्दे पर बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने अखिलेश और राहुल दोनों को घेरा है। संबित पात्रा ने कहा है कि राहुल गांधी और उनकी वजह से उनकी पूरी पार्टी का जो व्यवहार है, वह माफी के लायक नहीं है। जब अनुराग ठाकुर ने बिना किसी का नाम लिए बोला, तो सिर्फ एक व्यक्ति को बुरा लगा और उसके इशारे पर कांग्रेस के सभी सदस्य क्यों खड़े हो गए। पात्रा ने राहुल पर हमला करते हुए कहा कि लोकतंत्र के मंदिर में वह अहंकार भरा व्यवहार दिखाते हैं और यह देख कर उनका दिल दुखता है। अखिलेश यादव पर यह आरोप भी लगाया कि वह दूसरों से जाति पूछते हैं, लेकिन जब खुद इस बारे में पूछा गया तो हंगामा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जाति क्या पूछ लिया हंगामा हो गया।