Himachal Pradesh

बारिश से उपजे हालात पर अनुराग ठाकुर ने सीएम सुक्खू से की चर्चा

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से उपजे हालातों पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बात की व लोगों संयम बरतने की अपील की। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि देवभूमि हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश होने और बादल फटने के वजह से लोगों के घायल व हताहत होने की खबर से मन व्यथित है। बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश में अधिकांश क्षेत्रों में बारिश होने से जानमाल का नुक़सान होना दु:खद है। मैं इस आपदा में हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

हिमाचल के हालातों पर केंद्र सरकार पूरी तरह नजऱ बनाए हुए है। मैंने भी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व अधिकारियों से बात करके प्रदेश में भारी बारिश से उपजे हालातों पर चर्चा की है व केंद्र की मोदी सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। गृहमंत्री ने भी मुख्यमंत्री से बात करके हरसंभव सहायता का विश्वास दिलाया है। विपदा की इस घड़ी में मेरा जनता से निवेदन है कि अनावश्यक यात्रा करने व जलस्रोतों की ओर जाने से बचें।