मंडी में तीन की मौत, सात लापता, दो घायल
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,
उपमंडल पद्धर की चौहारघाटी की में बुधवार देर रात 12.30 बजे को हुई मूसलाधार बारिश ने जानलेवा कहर बरपाया। धमच्याण पंचायत के राजबन गांव में देर रात को बादल फटने से तीन रिहायशी मकान मलबे में समा गए। घटना में तीन परिवारों के दस लोगों चपेट में आ गए हैं। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि चार बच्चों समेत सात लोग अभी भी लापता है। वहीं, दो लोग जख्मी हो गए। इसके साथ ही 25 से अधिक लोगों बचाया गया है। घटना बुधवार देर रात करीब साढ़े बारह बजे हुई। घटना का पता चलते ही जिला उपायुक्त अपूर्व देवगन और कार्यकारी उपमंडलाधिकारी पद्धर भावना वर्मा और पंचायत समिति उपाध्यक्ष कृष्ण भोज घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग और जिला रेस्क्यू दल दिन भर सर्च ऑपरेशन में जुटा रहा। भारी बारिश से जानमाल के नुकसान के साथ चार कारें भी बाढ़ में बह गई हैं। वहीं राजबन में एक गाय और तीन भेड़ बकरियां भी मलबे में दब गई हैं। डीसी मंडी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने के दिशा निर्देश दिए हैं। खतरे की जद में आए अन्य परिवारों को ठहरने की व्यवस्था उपमंडल प्रशासन ने मिड्ल स्कूल ग्रामण में की है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, पूर्व विधायक जवाहर ठाकुर ने घटना पर शोक जताया है।
