मलाणा प्रोजेक्ट से चार लोग रेस्क्यू
प्रशासनिक टीम का स्थानीय बचाव दल ने भी किया सहयोग
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
जिला कुल्लू की पार्वती घाटी के मलाणा -1 जलविद्युत परियोजना में बादल फटने के बाद यहां फंसे चार कामगारों को सुरक्षित बचाया गया है। शुक्रवार सुबह एनडीआरएफ की टीम के साथ होमगार्ड के बचाव दल और छापेराम नेगी की अगवाई वाले एक निजी बचाव दल ने यहां पहुंचकर फंसे चारों लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा। चारों लोग 31 जुलाई रात 10 बजे से यहां फंसे हुए थे। हालांकि पहली अगस्त को एनडीआरएफ की टीम रवाना हुई थी, लेकिन घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाई थी। कुल्लू जिला में भारी बारिश से चलते मलाणा पावर प्रोजेक्ट के बैराज में फंसे हुए चार लोगों को निकालने के लिए शुक्रवार सुबह से ही रेस्क्यू ऑपरेशन किया जा रहा था, जो सफलतापूर्वक के संपन्न हो गया है।
एनडीआरएफ हिमाचल होमगार्ड, अभिमास मनाली और स्थानीय लोगों की मदद से फंसे हुए सभी चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया गया है। डैम में फंसे हुए सौरभ शर्मा, विजय कुमार, विशाल और डोला सिंह को रेस्क्यू करके सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एंव एडीएम कुल्लू अश्वनी कुमार ने कहा की सभी लोगो को सुरक्षित बचा लिया गया है। उपायुक्त कुल्लू सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर उपस्थित रहे। यही नहीं, सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर भी मलाणा में रेस्क्यू टीम के साथ पहुंचे।
