Iran-Israel War: इजराइल पर हमले को ईरान तैयार
हमास के एक और टॉप कमांडर को मारने का दावा, अमरीकी सेंट्रल कमांड फोर्स के चीफ पश्चिम एशिया पहुंचे
हमास चीफ इस्माइल हनीयेह के कत्ल के बाद ईरान और इजरायल के बीच ठन गई है। ऐसी रिपोर्ट है कि ईरान सोमवार सुबह या रविवार देर रात इजरायल पर हमला कर सकता है। ईरान की शुरुआती योजना ड्रोन अटैक से है। लड़ाई की योजना में उलझे ईरान को इजरायल ने एक और तगड़ी चोट दे दी है। आईडीएफ ने दावा किया है कि उसने हमास के एक और टॉप कमांडर इस्माइल नोफाल को मार गिराया है। आईडीएफ ने रविवार को इसकी जानकारी दी है। टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट है कि इजरायली वायुसेना के एक विमान ने नुसेरात क्षेत्र में हमला कर आतंकवादी इस्माइल नोफाल को मार गिराया। आईडीएफ के मुताबिक, नोफाल पिछले साल 7 अक्तूबर को इजरायली धरती हुए नरसंहार के आरोपियों में एक था।
इजरायली सेना ने बताया कि नोफाल इजरायली क्षेत्र की ओर रॉकेट हमले का जिम्मेदार था और उसने सात अक्तूबर को हुए नरसंहार में भाग लिया था। उस हमले में इजरायल के कम से कम 2000 लोग मारे गए थे और 250 लोगों को बंधक बना लिया गया था। आईडीएफ ने कहा कि नोफाल को आईडीएफ और आईएसए खुफिया जानकारी के आधार पर वायुसेना के विमान द्वारा सटीक गोलाबारी से मार गिराया गया। इससे एक रात पहले, मध्य गाजा पट्टी के डेर अल-बलाह में आतंकवादी गतिविधियां चलाने वाले हमास के एक आतंकवादी पर भी वायुसेना के विमान ने हमला किया था।
इजरायली हवाई हमले में हमास का हथियार भंडारण केंद्र भी नष्ट कर दिया गया है। सेना ने कहा कि इजरायली सेना ने शनिवार से गाजा में 50 आतंकवादी ठिकानों पर हमला किया है, जबकि राफा में खुफिया जानकारी आधारित अभियान जारी है। वहीं अमरीका ने बढ़ते तनाव को देखते हुए मिडिल ईस्ट में और हथियार तैनात करने का फैसला किया है।
बाइडेन बोले, मुझसे बकवास मत करो
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन में तीखी बहस हुई। दोनों के बीच हनीयेह की हत्या के बाद गुरुवार को टेलीफोन पर बातचीत हुई थी। टाइम्स ऑफ इजरायल के मुताबिक इस दौरान बाइडेन ने नेतन्याहू से कहा, मुझसे बकवास मत करो। अमरीकी राष्ट्रपति ने नेतन्याहू से हनीयेह की हत्या की टाइमिंग पर सवाल किए। उन्होंने कहा कि इससे सीजफायर की कोशिशों को बड़ा झटका लगा है। बाइडेन के सभी आरोपों को नेतन्याहू ने खारिज कर दिया। बाइडेन ने नेतन्याहू से कहा कि वह अमरीकी राष्ट्रपति की अहमियत को कम न आंके। रिपोट्र्स के मुताबिक इजराइल ने हनीयेह को ईरान में मारने की प्लानिंग की जानकारी अमरीका को नहीं दी थी।
अमरीका का वादा, इजरायल की करेंगे हिफाजत
ईरान के हमले से निपटने की तैयारी में इजराइल की मदद के लिए अमरीकी सेंट्रल कमांड फोर्स के चीफ जनरल माइकल कुरेला तेल अवीव पहुंच गए हैं। वहीं खतरे को देखते हुए अमरीका ने मिडिल ईस्ट में अपने हथियारों की तैनाती बढ़ा दी है। अमरीकी रक्षा विभाग पेंटागन के मुताबिक मिडल ईस्ट में तैनात अमरीकी सैनिकों और इजराइल की रक्षा के लिए नए फाइटर जेट्स, डिस्ट्रॉयर्स और एयरक्राफ्ट कैरियर्स भेजे जा रहे हैं। अमरीका ने वादा किया है कि वह इजराइल की हिफाजत जरूर करेगा।
भारत की एडवाइजरी, जरूरी न हो तो लेबनान न जाएं
लेबनान में इंडियन एम्बैसी ने पर पोस्ट में कहा था कि भारतीय लोगों को जरूरी न हो तो फिलहाल लेबनान जाने से बचना चाहिए। वहीं, जो भी लोग लेबनान में हैं, वे सतर्क रहे, ज्यादा मूवमेंट न करें और इंडियन एम्बैसी से जुड़े रहे। किसी भी एमर्जेंसी में एम्बैसी को सूचित करें।
