Himachal Pradesh

एचआईवी पीडि़तों का फ्री इलाज करेगी सरकार

Spread the love

मुख्यमंत्री बोले, एंटी रेट्रो वायरल थेरेपी केंद्रों में निशुल्क उपचार के साथ मिलेगी डेढ़ हजार की आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार एड्स के प्रति जागरूकता लाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। राज्य सरकार एड्स से पीडि़त रोगियों को समाज की मुख्यधारा से जोडऩे के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एंटी रेट्रो वायरल थेरेपी केंद्रों में निशुल्क उपचार करवाने वाले व्यक्तियों को 1500 रुपए प्रतिमाह की आर्थिक सहायता और पीडि़तों के 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को 300 से लेकर 800 रुपए प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। इसके साथ ही उपचार के लिए आने वाले व्यक्तियों को फ्री बस यात्रा की सुविधा भी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि एचआईवी पीडि़त व्यक्तियों की हर प्रकार से मदद की जा रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को युवा दिवस पर एचआईवी जागरूकता अभियान की शुरुआत पर यह बात कही।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में यह जागरूकता अभियान गांव स्तर तक चलाया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एक जागरूकता वाहन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और दो महीने तक चलने वाले इंटिग्रेटिड हैल्थ चैकअप अभियान का भी शुभारंभ किया। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस क्लिक से प्रगति की ओर-सतत् विकास के लिए युवा डिजिटल माध्यम के थीम पर मनाया जा रहा है।

सभी सरकारी अस्पतालों में फ्री होती है एचआईवी जांच

मुख्यमंत्री ने कहा कि एचआईवी की जांच सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में नि:शुल्क की जाती है और जांच करवाने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाती है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एड्स जागरूकता पर आधारित एक प्रदर्शनी का शुभारंभ भी किया। कार्यक्रम के दौरान आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी अस्पतालों में कैंसर के मरीजों को उनके उपचार के लिए 42 दवाइयां मुफ्त प्रदान कर रही है। इन दवाइयों को राज्य की अनिवार्य दवा सूची में शामिल किया गया है।

शिक्षा के साथ स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी हो रहे बदलाव

सीएम सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को नशे व अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए खेलों की ओर प्रोत्साहित करने के प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, और अधोसंरचना में सुधार लाने के साथ-साथ राजस्व बढ़ाने के लिए प्रयास कर रही है। सरकार के प्रयासों के परिणाम स्वरूप अर्थव्यवस्था में तेजी से सुधार हो रहा है और हमें पूरी उम्मीद है कि 2032 तक हिमाचल प्रदेश देश का सबसे समृद्धतम राज्य बनेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में भी कई क्रांतिकारी बदलाव किए हैं। हर विधानसभा क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल खोले जा रहे हैं। प्रदेश के 850 शिक्षण संस्थानों को इंस्टीटयूट ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जा रहा है।

युवाओं को यौन रोगों से बचाने की जरूरत

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डा. धनी राम शांडिल ने कहा कि युवा हमारे शक्ति के स्रोत हैं और कल का भविष्य भी हैं, इसलिए राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्त्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि आज युवाओं को नशे से बचाना एक बड़ी चुनौती है। इसके साथ ही एड्स और एचआईवी के बारे में युवाओं को जागरूक करना भी अहम है। उन्होंने कहा कि युवाओं को एचआईवी और यौन रोगों से बचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों में तेजी लाई जानी चाहिए।