चंबा कालेज में शुरू होंगी सोशियोलॉजी की कक्षाएं
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने की घोषणा, महाविद्यालय में अतिरिक्त भवन बनाने और फर्नीचर की मांग को जल्द पूरा करने का दिया आश्वासन
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में चालू वित्त वर्ष के दौरान शिक्षा पर लगभग 9000 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंनेे कहा कि वर्ष 2022 में कांग्रेस के सत्ता संभालने के बाद प्रदेश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में 15000 पद रिक्त थे। उन्होंने कहा कि कि सरकार ने पहले वर्ष में ही 7000 पदों को भरने की स्वीकृति प्रदान की। रोहित ठाकुर ने हाल ही में प्रदेश में टीजीटी के 1100 पद बैचवाइज आधार पर भरे गए हैं। इनमें से 236 पद जिला चंबा में भरे जा चुके हैं। इसके अलावा शीघ्र ही प्रदेश में जेबीटी के 1100 पद भरे जा रहे हैं तथा निकट भविष्य में जिला चंबा के प्राथमिक पाठशाला में भी प्राथमिकता के आधार पर जेबीटी अध्यापकों की नियुक्तियां की जाएंगी। वह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चंबा के सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में उपस्थित जिला के विभिन्न महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों, स्कूलों के प्रधानाचार्यों तथा मुख्याध्यापकों को संबोधित कर रहे थे। शिक्षा मंत्री ने सदर विधायक नीरज नैयर तथा क्षेत्रवासियों की मांग पर राजकीय महाविद्यालय चंबा में सोशियोलॉजी के पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स को अगले वित्त वर्ष में शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने महाविद्यालय परिसर में अतिरिक्त भवन बनाने तथा महाविद्यालय की फर्नीचर से संबंधित मांग को भी शीघ्र पूरा करने का भी आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा में निरंतर गुणात्मक सुधार की दिशा में हिमाचल प्रदेश सरकार लगातार प्रयासरत है तथा निकट भविष्य में इस के सकारात्मक परिणाम प्राप्त होंगे।
