Bharmour

सरकार की व्यवस्था से तंग आकर भरमौर के विधायक ने लगाई स्वास्थय केन्द्र के बाहर ओपीडी

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

जनजातीय क्षेत्र भरमौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होली में रिक्त चल रहे पदों के चलते पैदा हालातों के बीच विधायक डा. जनक राज शनिवार को खुद ओपीडी लगाने पहुंच गए। इस दौरान डा. जनक ने केंद्र के बाहर टेबल-कुर्सी लगवाई और यहां पर आए मरीजों की जांच करने आरंभ कर दी। साथ ही डा. ने मरीजों को चिकित्सीय परामर्श भी इस मौके पर दिया। हांलाकि वैकल्पिक तौर पर यहां कार्यरत हाईड्रो प्रोजेक्ट के डाॅक्टर केंद्र में सेवाएं प्रदान कर रहे है। लेकिन सरकारी डाॅक्टर की लंबे समय बाद भी तैनाती न होने के चलते विधायक ने कडा पग उठाने से पहले सांकेतिक रूप से बतौर चिकित्सक सेवाएं यहां पर दी। बता दें कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होली में चिकित्सकों समेत कई अन्य महत्वपूर्ण पद रिक्त चले हुए है। हांलाकि पूर्व में यहां पर एक चिकित्सक की पर्ची बनाने के साथ-साथ मरीजों की जांच कर रहा था। लेकिन उनका भी तबादला होने के बाद यहां पर स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से ठप्प पड गई थी। इस दौरान वैकिल्पक व्यवस्था के तौर पर केंद्र में हाईड्रो प्रोजेक्ट का संचालन कर रही कंपनी जीएमआर के बीएएमएस यहां पर सुबह साढे नौ बजे से दो बजे तक अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे थे। जबकि आपातकालीन और रात के समय यहां पर स्वास्थ्य लाभ नहीं मिल पा रहा था। उधर, सीएचसी में चिकित्सकों की तैनाती न होने के चलते शनिवार को पांगी-भरमौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डा. जनक राज अस्पताल में पहंुच गए। इस दौरान विधायक ने अस्पताल भवन के बाहर ही अपनी ओपीडी लगाकर मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की। उधर, विधायक के इस कदम की क्षेत्र के लोग जमकर तारीफ कर रहे है। वहीं प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए रोष जाहिर कर रहे हैं। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि प्रदेश सरकार होली तहसील की पूरी तरह से अनदेखी कर रही है और यहां पर मूलभुत सुविधाओं के लिए भी लोगों को खूब जदोजहद करनी पड रही है। बहरहाल शनिवार को विधायक डा. जनक राज की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर लगी ओपीडी की खूब चर्चा हो रही है।उधर शाम होते होते स्वास्थ्य विभाग भी हरकत में आया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होली में दो डॉक्टरों की प्रतिनियुक्ति एक सितम्बर तक कर दी है जिसे विधायक के इस कदम का परिणाम बताया जा रहा है हालांकि आज से ही इस स्वास्थ्य केंद्र में वारा लक्ष्मी फाउंडेशन द्वारा भी एक एमबीबीएस डाक्टर की नियुक्ति दो माह के लिए कर दी गई थी कुल मिलाकर आज से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र होली को तीन तीन डॉक्टर मिलने वाले है।