गाजा पर इजरायली हमले, 19 लोगों की मौत
सीजफायर पर बातचीत को पश्चिम एशिया आए अमरीकी विदेश मंत्री
गाजा में शनिवार रात इजरायल के हमलों में एक महिला और उसके छह बच्चों समेत 19 लोगों की मौत हो गई। वहीं अमरीकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन महीनों से जारी जटिल वार्ताओं के बाद एक संघर्ष विराम समझौता कराने के उद्देश्य से रविवार को पश्चिम एशिया के लिए रवाना हो गए। दोहा में दो दिन की वार्ता के बाद अमरीका और उसके सहयोगी मध्यस्थ देश मिस्र और कतर समझौता कराने के करीब पहुंचते दिख रहे हैं।
अमरीकी और इजरायली अधिकारियों ने समझौते को लेकर सावधानीपूर्वक आशा व्यक्त की है, लेकिन हमास ने लड़ाई जारी रखने के संकेत दिए हैं। अल अक्सा अस्पताल के अनुसार इजरायल ने नए सिरे से बमबारी करते हुए रविवार तडक़े दीर अल-बलाह में एक मकान पर हमला किया, जिसमें एक महिला और उसके छह बच्चों की मौत हो गई।
आज नेतन्याहू से मिल सकते हैं ब्लिंकन
इस बीच, इजरायल का एक प्रतिनिधिमंडल वार्ताओं के लिए रविवार को मिस्र की राजधानी काहिरा जाएगा, जबकि सोमवार को अमरीकी विदेश मंत्री ब्लिंकन की इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात करने की संभावना है। हमास ने निकट भविष्य में समझौता होने को लेकर संदेह जताया है। हमास ने कहा है कि नवीनतम प्रस्ताव पिछले प्रस्ताव से काफी अलग है, जिसे उसने सैद्धांतिक रूप से स्वीकार कर लिया था।
