National

जम्मू-कश्मीर में अकेले लड़ेगी बीजेपी

Spread the love

विधानसभा चुनाव में नए चेहरों को मौका, निर्दलियों से गठबंधन संभव

चुनाव आयोग ने जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। अनुच्छेद 370 हटने के बाद घाटी में पहली बार विधानसभा के चुनाव होने जा रहे हैं। सारे राजनीतिक दल चुनाव की तैयारी में जुट गए हैं। इसी बीच, बीजेपी ने रविवार को ऐलान किया कि वह अकेले दम पर जम्मू-कश्मीर में चुनाव लड़ेगी। हालांकि कुछ सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों का समर्थन करेगी। भाजपा ने यह ऐलान जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव को लेकर रविवार को जम्मू में हुई बैठक में किया। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री और जम्मू-कश्मीर भाजपा विधानसभा चुनाव प्रभारी किशन रेड्डी, नेशनल जनरल सेक्रेटरी तरुण चुघ और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह भी बैठक में शामिल हुए। जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष रविंदर रैना ने कहा कि पार्टी जम्मू में अकेले चुनाव लड़ेगी। कश्मीर में निर्दलीय उम्मीदवारों का समर्थन कर सकती है। किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेगी। बैठक के केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा चुनाव के लिए 24 घंटे और सातों दिन तैयार है।

चुनाव को लेकर हमारी बैठकें और चर्चाएं रेग्युलर चलती रहेंगी। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने अगले हफ्ते से धुआंधार चुनाव प्रचार का आगाज करने की योजना बनाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रचार की कमान संभालेंगे। पार्टी नए चेहरों को मौका देगी। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा 21 अगस्त को कैंडीडेट्स की पहली लिस्ट जारी करेगी। वहीं जम्मू-कश्मीर के पूर्व मंत्री चौधरी जुल्फकार अली भाजपा में शामिल हो गए हैं। इससे पहले शनिवार को चौधरी जुल्फकार अली ने गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात की थी। पेशे से वकील रहे जुल्फकार ने 2008 और 2014 के विधानसभा चुनावों में पीडीपी के टिकट पर राजौरी जिले की दरहाल विधानसभा से चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी।