पीडीपी की सरकार बनी, तो आर्टिकल 370 वापस
महबूबा मुफ्ती ने जारी किया घोषणापत्र, 200 यूनिट फ्री बिजली का वादा
कहा, कांग्रेस- नेशनल कान्फ्रेंस हमारा एजेंडा मानें तो गठबंधन को तैयार
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को 18 सितंबर से शुरू होने वाले तीन चरणों वाले जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया और पाकिस्तान के साथ नियंत्रण रेखा पर व्यापार की बहाली की वकालत की। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से पाकिस्तान के साथ व्यापार खोलने का आग्रह किया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में मंदिरों, मस्जिदों और धर्मस्थलों को मुफ्त बिजली देने की भी घोषणा की। उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश के स्पेशल स्टेटस आर्टिकल 370 और 35ए की वापसी के प्रयास और पाकिस्तान से ट्रेड दोबारा शुरू करने का वादा किया। महबूबा ने कहा कि हमारी सरकार बनी तो आम्र्स फोर्सेस को मिली स्पेशल पावर, आतंक निरोधी कानून, पब्लिक सेफ्टी एक्ट और ऐनेमी एक्ट हटाएंगे। इस दौरान महबूबा ने नेशनल कान्फ्रेंस और कांग्रेस के गठबंधन पर निशाना साधा और कहा कि इनका कोई एजेंडा नहीं है और यह सिर्फ सीट शेयरिंग पर ही आधारित है।
महबूबा मुफ्ती ने कहा कि अगर एनसी और कांग्रेस हमारे घोषणापत्र को स्वीकार करने और कश्मीर मुद्दे के समाधान पर सहमत होने के लिए तैयार हैं, तो हम किसी भी सीट पर लड़े बिना उनका समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर दोनों दल हमारी पार्टी का एजेंडा मानेंगे, तो हम गठबंधन को तैयार हैं। हमारा सिर्फ एक ही एजेंडा है- जम्मू-कश्मीर की समस्या का समाधान। पीडीपी के मेनिफेस्टो में महबूबा मुफ्ती ने एलओसी के पार भारत और पाकिस्तान के बीच व्यापार की बहाली पर जोर दिया। मु्फ्ती ने सरकार में आने के बाद 200 यूनिट फ्री बिजली देने का वादा किया। साथ ही, पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने की भी बात की। इसके अलावा, संविदा शिक्षकों का मानदेय भी बढ़ाया जाएगा। महबूबा मुफ्ती ने कहा कि पीडीपी मुफ्ती मोहम्मद सईद योजना को फिर से लागू करेगी, क्योंकि जिन गरीबों के घर में 1 से 6 लोग हैं, उन्हें पर्याप्त चावल और राशन नहीं मिल पाता था। उन्होंने यह भी कहा कि पीडीपी गरीब परिवार को साल में 12 सिलेंडर मुहैया कराएगी।
