विधानसभा में आज पहली बार बहस करेंगे पति-पत्नी
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर के साथ आएंगे सदन में
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
विधानसभा के मानसून सत्र में मंगलवार को पहली बार नजर आएगी पति-पत्नी की जोड़ी देखने का मिलेगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उनकी धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर विधानसभा सत्र में शामिल होंगे। प्रदेश के इतिहास में पहली बार पति-पत्नी एक साथ विधानसभा में नजर आएंगे। मुख्यमंत्री सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर ने देहरा विधानसभा सीट से उपचुनाव जीता है। विधानसभा के मानसून सत्र में विधायक कमलेश ठाकुर अपने पति सुखविंदर सुक्खू के साथ सदन में बैठी नजर आएंगी।
हालांकि इससे पहले पिता-पुत्र के तौर वीरभद्र सिंह और विक्रमादित्य साल 2017 में जरूर विधानसभा में पहुंचे थे, लेकिन पति- पत्नी पहली बार एक साथ सत्र में शामिल होंगे। अब विधानसभा में महिला विधायकों की संख्या भी बढकऱ तीन हो गई है। भाजपा की पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से रीना कश्यप, लाहुल स्पीति से कांग्रेस की अनुराधा राणा भी मौजूदा विधानसभा में सदस्य हैं।
देहरा से जीती हैं कमलेश
राजनीति से पहले अपना घर संभाल रही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर देहरा से विधायक बनी हैं। कमलेश ठाकुर ने उपचुनाव में 9399 वोटों से जीत हासिल की है। इस जीत के साथ उनकी विधानसभा में एंट्री हो गई है। ऐसे में यह पहली बार है, जब विधानसभा में पति और पत्नी एक साथ ही सदन का हिस्सा बनने जा रहे हैं। दोनों सत्तापक्ष की ओर सदन में बैठेंगे।
