Himachal Pradesh

आखिर कर्ज का गीत कब तक गाएंगे; मैं भी यही गीत गाता, तो कुछ नहीं कर पाता

Spread the love

जयराम का तंज; मैं भी यही गीत गाता, तो कुछ नहीं कर पाता

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

कर्ज की बैसाखियों पर चल रही हिमाचल सरकार पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने तंज कसा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कर्ज का गीत कब तक गाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि मैं भी यही गीत गाता रहता, तो कुछ नहीं कर पाता। विधानसभा परिसर में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री एवं विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर ने कहा कि जब उनकी सरकार सत्ता में आई थी, तब भी स्व. वीरभद्र सिंह की सरकार ने 50 हजार करोड़ रुपए का कर्जा छोड़ा था। हमने ऋण लिया और प्रदेश के हित में काम किए।

पांच साल तक काम करते रहे। कई सडक़ें बनाई, पुल बनाए, कई स्कूल व कॉलेज बनाए, हर क्षेत्र में विकास जारी रखा, मगर कर्ज का रोना नहीं रोया। जयराम ठाकुर ने कहा कि यहां दो साल में वर्तमान सरकार ने जितना ऋण लिया है, वह पूर्व सरकार ने पांच साल में लिया था। उससे भी कहीं ज्यादा का ऋण अभी इस सरकार ने ले लिया है। उन्होंने कहा कि अभी इस तरह का हाल है, तो पूरे पांच साल में न जाने क्या हाल होगा। एक लाख करोड़ रुपए तक कर्ज का आंकड़ा पहुंचने वाला है। यह आंकड़ा अगले महीने तक एक लाख करोड़ तक छू जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्ज लेकर भी काम किया जाता है, लेकिन इस सरकार के कार्यकाल में दो साल में ही पूर्ण विराम लग चुका है और केवल गीत गाए जा रहे हैं।