तीसा-2 और गुवाड़ी पंचायतों में 21 दिन बाद होगा उजाला
कल रविवार को ट्रांसफार्मर गांवों में स्थापित करवाने की पूरी कोशिश रहेगी।
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
तीसा। चुराह उपमंडल की तीसा-2 और गुवाड़ी पंचायत के गांवों में 21 दिन बाद उजाला होगा। ऊना जिले में 65 केवी और 25 केवी क्षमता के ट्रांसफार्मर मरम्मत करवाने के बाद इन गांवों में स्थापित करवाए जाएंगे।
बोर्ड प्रबंधन रविवार तक ट्रांसफार्मर स्थापित करने का दावा कर रहा है। ट्रांसफार्मर आने की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। ऊना से मरम्मत के बाद अब लथेली गांव में 65 केवी और पुगथला में 25 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा।
राजीव कुमार, राकेश कुमार, दलीप कुमार, कन्हैया राम, प्रकाश चंद, अशोक कुमार और रमेश कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने से तीसा-2 और गुवाड़ी पंचायत के गांवों में 13 से 21 दिन से अंधेरा पसरा है। बिजली न होने से ग्रामीणों, स्कूली विद्यार्थियों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। तीसा-2 पंचायत के शिकारी और सेरी गांव के 150 परिवार 13 दिन से अंधेरे में गुजर-बसर कर रहे हैं। बाजार में 15 दुकानदार और वर्कशॉप चला कर परिवार पालने वाले नौजवान खाली बैठने पर मजबूर हैं। गुवाड़ी पंचायत के पुख्तला मुहाल के 7 गांव 21 दिन से अंधेरे में हैं।
उधर, विद्युत बोर्ड के कार्यवाहक सहायक अभियंता अमित कुमार ने बताया कि ऊना से 65 और 25 केवी क्षमता के ट्रांसफार्मर मरम्मत के बाद क्षेत्र में पहुंचाए जा रहे हैं। रविवार को ट्रांसफार्मर गांवों में स्थापित करवाने की पूरी कोशिश रहेगी।
