Una News: ऊना की सीमाएं सील, धारा-163 लागू, प्रशासन ने बढ़ाई चौकसी, 100 पुलिस कर्मी तैनात
दो पक्षों में विवाद के बाद प्रशासन ने बढ़ाई चौकसी, 100 पुलिस कर्मी तैनात
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
ऊना में दो पक्षों में हुए विवाद के बाद गरमाते माहौल को देख प्रशासन को धारा-163 लगानी पड़ी। मंगलवार को सुबह से लेकर दोपहर दो बजे तक ऊना उपमंडल में धारा-163 लागू रही। एमसपी पार्क ऊना मंगलवार को पुलिस छावनी में बदला रहा। जिला में धारा-163 की अनुपालना के लिए करीब 100 पुलिस जवान तैनात रहे।उपायुक्त जतिन लाल की ओर से जारी आदेशों के अनुसार जिला से सटे पंजाब के प्रवेश द्वारों के समीप लॉ एंड ऑर्डर को बनाकर रखने की जरूरत है। आशंका है कि दो गुटों में भिड़ंत हो सकती है।
ऐसे में प्रशासन की तरफ से सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक यहां पर धारा -163 लगाई गई है। इसके अनुसार पांच से अधिक लोग एक साथ एकत्रित नहीं हो सकते हैं। उधर, जिला की सीमाओं पर तैनात पुलिसकर्मियों से संदिग्ध वाहन चालकों को ऊना शहर की ओर नहीं जाने दिया। उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक धारा-163 लगाई गई है।
यूं शुरू हुआ विवाद
पिछले दिनों एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर शुरू हुआ, जिसमें हरोली उपमंडल के युवक ने इंस्टाग्राम पर एक समुदाय विशेष के खिलाफ एक वीडियो पोस्ट कर डाला, जिसके बाद उसका विरोध शुरू हो गया। इसी बीच शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट करने वाला युवक दूसरे पक्ष के लोगों के हाथ लग गया, जिसे उठाकर डीसी कार्यालय लाया गया। वहां पर उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद सोमवार को इसी मामले को लेकर हिंदू एकता मंच और करणी सेना सहित विभिन्न संगठनों ने पीडि़त युवक के परिजनों और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ डीसी कार्यालय पहुंचकर जमकर प्रदर्शन किया था।
