पालमपुर में कार सवारों से पकड़ी एक किलो चरस
पुलिस ने शुरू की छानबीन, दोनों तस्कर कुल्लू के रहने वाले
चढियार रोड पर नाके के दौरान गाड़ी से बरामद किया नशा
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
नशे के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत पालमपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने एक किलो से अधिक चरस के साथ कार सवार जिला कुल्लू निवासी दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार पालमपुर पुलिस ने चढिय़ार रोड के पास नाका लगाया हुआ था। इस दौरान एक कार की तलाशी के दौरान एक किलो 412 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने कार सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों युवक जिला कुल्लू के भुंतर क्षेत्र के रहने वाले हैं। पालमपुर थाना प्रभारी भूपेंद्र ठाकुर ने बताया कि दोनों युवकों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है और मामले की जांच की जा रही है।
