Haryana Elections में कांग्रेस के विश्लेषकों पर पीएम मोदी का तंज, कहा …
लाउडस्पीकरों का करंट कमजोर पड़ा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को विश्लेषकों पर तंज कसते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि अब कांग्रेस के लाउडस्पीकरों का करंट भी कमजोर हो गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में पिछले 10 वर्षों में कांग्रेस विपक्ष के रूप में भी विफल रही है और अब जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, बड़े-बड़े दावे करने वाले उसके ‘लाउडस्पीकर्स’ का करंट भी कमजोर हो गया है। इसके अलावा कांग्रेस पर किसानों को बरगलाने का आरोप लगाते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान हरियाणा के किसानों को फसलों का नुकसान होने पर केवल दो रुपए का चेक मिलता था। यही नहीं दलितों से अत्याचार का आरोप भी प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर लगाया।
पीएम मोदी ने कहा कि कोई कल्पना भी नहीं कर सकता कि हरियाणा में कांग्रेस शासन के दौरान दलितों पर कितने अत्याचार हुए। हिमाचल में कांग्रेस ने बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन सत्ता में आने के बाद विकास थम गया और वे वेतन तक नहीं दे पा रहे हैं। हरियाणा के लोगों ने भाजपा को सेवा का एक और मौका देने का फैसला कर लिया है। ‘नमो एप’ के माध्यम से ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत संबोधित करते हुए मोदी ने राज्य में फिर से पार्टी की सरकार बनने का दावा किया।
कांग्रेस की कलह से प्रदेश का बच्चा-बच्चा परिचित
मोदी ने दावा किया कि कांग्रेस का ज्यादातर समय आपसी गुटबाजी, लड़ाई और एक दूसरे का हिसाब चुकता करने में खप रहा है। उन्होंने कहा कि जो पार्टी 10 साल तक जनता के विषयों से दूर रही हो, जो अपने परिवार के लिए जिए या अपने गुट के लिए जिए… ऐसे लोग हरियाणा की जनता का विश्वास कभी नहीं जीत सकते। मोदी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस की आंतरिक कलह से हरियाणा का बच्चा-बच्चा परिचित है, लेकिन उन्हें उनकी कलह पर सुखचैन से नहीं बैठ जाना चाहिए।
