National

कुलगाम मुठभेड़ में दो आतंकवादी ढेर, सेना के चार जवान और एक पुलिस अधिकारी घायल

Spread the love

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकवादी ढेर हो गए, जबकि चार सैन्यकर्मी और एक पुलिस अधिकारी घायल हुए हैं। आधिकारिक प्रवक्ता ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना के आधार पर सेना और पुलिस के संयुक्त बल ने आज तड़के आदिगाम देवसर कुलगाम में घेराबंदी और तलाश अभियान शुरू किया। इसी दौरान वहां छिपे हुए आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने गोलियां चलाई। दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए। वहीं चार सैन्यकर्मी और एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए दोनों आतंकवादी संभवतः स्थानीय थे।