न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान ने अब तक निपटाए 70 हजार मामले
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
आज सेवानिवृत्त होंगे चीफ जस्टिस राजीव शकधर, उच्च न्यायालय के वरिष्ठतम न्यायाधीश होने के चलते अब तरलोक चौहान बनेंगे कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश
न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान होंगे हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश। इस नियुक्ति के पश्चात वह हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का कार्यभार संभालेंगे। 18 अक्तूबर को मुख्य न्यायाधीश राजीव शकधर के सेवानिवृत्त होने पर हाई कोर्ट के वरिष्ठतम न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान को यह जिम्मा सौंपा गया है। राष्ट्रपति की ओर से जारी अधिसूचना के तहत उन्हें दूसरी बार यह जिम्मा दिया गया है। इससे पहले भी 20 अप्रैल, 2023 से 29 मई, 2023 तक उन्होंने हिमाचल हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (कार्यवाहक) का पद संभाला था। नौ जनवरी, 1964 को रोहड़ू में जन्मे न्यायाधीश चौहान की बिशप कॉटन स्कूल शिमला से प्रारंभिक शिक्षा पूरी हुई। डीएवी कालेज चंडीगढ़ से ऑनर्स के साथ स्नातक व पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ से कानून की डिग्री प्राप्त करने के बाद वर्ष 1989 में वकील बने व लाला छबील दास वरिष्ठ अधिवक्ता के चैंबर में शामिल हुए। प्रदेश हाई कोर्ट में वकालत शुरू करते हुए कानून की सभी क्षेत्रों में महारत हासिल की।
राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड व राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अलावा कई बोर्डों, निगमों, वित्तीय संस्थानों, सार्वजनिक और निजी कंपनियों, शैक्षिक संस्थानों और सहकारी समितियों व विभिन्न विभागों के कानूनी सलाहकार रहे। श्री चौहान अब तक 70 हजार मामलों का निपटारा कर चुके हैं।
