chambaHimachal PradeshShimla

दिवाली पर कारोबारियों की बल्ले-बल्ले

Spread the love

नगर निगम ने शहर के दुकानदारों को दुकान के बाहर डेढ़ फुट तक सामान लगाने की दी छूट

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

राजधानी शिमला में दीपावली पर शहर के व्यापारियों को नगर निगम ने छूट दी है। व्यापारी अपनी दुकानों के डेढ़ फीट बाहर तक सामान लगा सकते हैं। यह छूट सिर्फ दीपावली त्योहार तक ही मिलेगी। हालांकि अवैध तहबाजारियों को बाजारों से दूर सामान लगाने के आदेश जारी किए हैं। शहर के बाजारों में भीड़ न बढ़े, इसके लिए भी नगर निगम ने पूरा प्लान तैयार कर दिया है। लोअर बाजार में जिन तहबाजारियों के पास वेंडिग लाइसेंस है, वही त्योहारी सीजन पर यहां पर अपना सामान बेच सकते हैं।

इसके अलावा जो भी अवैध तहबाजारी यहां बैठेगा, नगर निगम उनका सामान जब्त कर उन्हें 10 हजार रुपए तक का जुर्माना भी लगाएगा। हालांकि नगर निगम ने अब रोजाना शहर के भीड़ भाड़ वाले बाजारों में गश्त करना शुरू कर दिया है। इस गश्त के दौरान अवैध तहबाजारियों को लोअर बाजार से खदेड़ा जा रहा है। वहीं, शहर के लक्कड़ बाजार से भी अवैध तहबाजारियों को हटाया जा रहा है। उपनगरों में भी दीपावली पर सिर्फ दुकानदारों और जिन लोगों को लाइसेंस दिए गए हैं, वहीं लोग अपना सामान बेच सकते हैं। नगर निगम ने सभी दुकानदारों को सख्त हिदायत दी है कि अपनी दुकानें के बाहर किसी भी तहबाजारी को बैठाने की अनुमति न दे। यदि किसी दुकान के आगे तहबाजारी बैठता है तो दुकानदार का भी नगर निगम चालान करेगा।

हमने शहर के दुकानदारों को छूट दी है कि दीपावली तक सभी दुकानदार अपनी दुकानों के डेढ़ फीट बाहर तक सामान लगा सकते हैं। वहीं, अवैध तहबाजारियों को चेतावनी दी है कि त्योहारी सीजन में भीड़ भाड़ वाले बाजारों में तहबाजारी न लगाएं
डा. भूवन शर्मा, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम शिमला

दीपावली तक 24 घंटे खुले रहेंगे बाजार
प्रदेश सरकार ने दीपावली पर सभी दुकानदारों को 24 घंटे दुकानें खोलने की छूट दी गई है। ऐसे में शहर के व्यापारी भी सरकार के इस निर्णय से काफी खुश हैं। राजधानी में इन दिनों पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे में बाजार खुलने से पर्यटक भी अब रात को खरीददारी कर सकते हैं। वहीं, दीपावली तक ही यह छूट शहर के दुकानदारों को दी गई है। वहीं, व्यापारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि त्योहारी सीजन में लोगों ने इस हफ्ते से खरीददारी करना शुरू किया है। प्रदेश सरकार ने जो 24 घंटे दुकानें खोलने की अनुमति दी है, वह सराहनीय है। इससे दुकानदारों को काफी लाभ होगा।