बद्दी मे हर्बल उत्पाद निर्माता उद्योग में देर शाम भीषण अग्निकांड, जिंदा जला कामगार
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के तहत थाना स्थित हर्बल उत्पाद निर्माता उद्योग में हुए भीषण अग्निकांड में एक कामगार की जिंदा जलकर मौत हो गई। आगजनी से उद्योग को भी करोड़ों का नुकसान हुआ है। हालांकि बद्दी में विकराल ट्रैफिक जाम की वजह से फायर टेंडर समय पर घटनास्थल पर नहीं पहुंच पाए, लेकिन इसके बावजूद दमकल कर्मियों ने आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पा लिया। आग लगने के कारणों का पता नही चल पाया है। डीएसपी बद्दी की अगवाई में पुलिस टीम ने उद्योग को सील कर दिया है और फोरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल पर आग लगने के कारणों की जांच में जुटे रहे।
शुक्रवार देर शाम करीब साढ़े छह बजे हुए इस हादसे में आशीष कुमार (24) पुत्र महादेव कुमार निवासी लखीमपुर उत्तर प्रदेश की जिंदा जलने से मौत हो गई। डीएसपी बद्दी अभिषेक ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया की आगजनी की इस घटना में एक कामगार की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उद्योग के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
