चार केंद्रीय मंत्रियों से मिलेंगे मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू
गडकरी, राजनाथ, शेखावत और वैष्णव से उठाएंगे हिमाचल के मामले
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे
केरल के वायनाड से लौटने के बाद गुरुवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दिल्ली में चार कैबिनेट मंत्रियों के साथ मुलाकात करने वाले हैं। चार मुलाकातें केंद्रीय मंत्रालयों में होगी और पांचवीं मुलाकात नीति आयोग में रखी गई है। मिशन दिल्ली के तहत मुख्यमंत्री हिमाचल से संबंधित मामलों की पैरवी भारत सरकार में करेंगे। वह अधिकारियों का एक दल भी साथ ले गए हैं। मुख्यमंत्री के तय कार्यक्रम के मुताबिक वह केंद्रीय मंत्रियों नितिन गडकरी, गजेंद्र सिंह शेखावत, राजनाथ सिंह और अश्वनी वैष्णव के साथ मुलाकात करेंगे। नितिन गडकरी के साथ मुलाकात में जोगिंदर नगर के घटासनी से भुभू जोत होते हुए कुल्लू के लिए नेशनल हाइवे बनाने का मसला मुख्य तौर पर उठाया जाएगा। नए प्रस्तावित इस नेशनल हाइवे में टनल का निर्माण भी होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए नेशनल हाइवे घोषित करने पर फिलहाल रोक लगा रखी है।
इसलिए हिमाचल ने भी बाकी प्रोजेक्ट के बजाय सिर्फ एक प्रोजेक्ट पर काम करने के तहत रणनीति को बदला है। केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के साथ कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार की फंडिंग को लेकर मामला उठाया जाएगा। हिमाचल सरकार ने कांगड़ा एयरपोर्ट में विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण शुरू कर दिया है और इसके लिए 32 करोड़ भी जारी कर दिए हैं, लेकिन इस काम में 6000 करोड़ से ज्यादा की लागत प्रस्तावित है। इसलिए हिमाचल सरकार को अन्य स्रोतों से पैसे की जरूरत है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ सीमा सुरक्षा से संबंधित मसले उठाए जाएंगे, जबकि केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव के साथ रेल विस्तार के मामले चर्चा में आएंगे। इन बैठकों के लिए राज्य सरकार में पहले से तैयारी चल रही थी। इसके बाद नीति आयोग के उपाध्यक्ष के साथ भी हिमाचल के मसलों पर चर्चा है। मुख्यमंत्री बुधवार रात वायनाड से दिल्ली पहुंच जाएंगे। यह दिन हिमाचल के लिए महत्त्वपूर्ण रहने वाला है।
